पत्रकार/दीपक तिवरी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बलिया। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने आज बलिया रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर चल रहे पुनर्विकास एवं अधोसंरचना विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान भारत सरकार के परियोजना निगरानी समूह (PMG) के श्वेतांक सिन्हा, पारुल श्रीवास्तव सहित रेलवे के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्टेशन पर निर्माणाधीन 12 मीटर चौड़े फुटओवर ब्रिज, सर्कुलेटिंग एरिया के विकास, यात्री प्रतीक्षालय के उन्नयन, महिला, पुरुष एवं दिव्यांग शौचालयों, वीआईपी कक्ष, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल सुविधा, पार्किंग स्थल तथा सेकंड एंट्री सर्कुलेटिंग एरिया सहित विभिन्न कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
इसके पश्चात मंडल रेल प्रबंधक ने परियोजना निगरानी समूह के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर स्टेशन पर चल रही पुनर्विकास परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में स्टेशन आधुनिकीकरण, यात्री सुविधाओं के विस्तार, प्लेटफॉर्म विकास, स्वच्छता व्यवस्था, विद्युत एवं सिग्नल संबंधी कार्यों पर चर्चा की गई।
अधिकारियों ने निर्धारित समय सीमा के भीतर परियोजनाओं को पूरा करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। मंडल रेल प्रबंधक ने सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने तथा शेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि परियोजनाओं की नियमित निगरानी एवं समीक्षा के माध्यम से कार्यों की गति और गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए, ताकि यात्रियों को बेहतर एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।











