रेवाड़ी चीफ ब्यूरो दीपक तिवारी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
हरियाणा के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता कैप्टन अजय सिंह यादव ने पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और सीएनजी की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पिछले 11 दिनों में चौथी बार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाकर आम जनता की कमर तोड़ने का काम कर रही है, जबकि महंगाई से राहत देने के नाम पर केवल दिखावा किया जा रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि अगर सरकार की यही नीतियां जारी रहीं तो आने वाले समय में भी इसी तरह लगातार महंगाई बढ़ती रहेगी और जनता पर आर्थिक बोझ और बढ़ेगा। कैप्टन ने कहा कि पिछले कुछ समय में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हुई है। देश के कई शहरों में पेट्रोल 100 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच चुका है, जबकि डीजल की कीमतें भी लगातार बढ़ रही हैं। घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतें 850 से 950 रुपये के बीच पहुंच चुकी हैं और सीएनजी गैस भी 80 रुपये प्रति किलो के करीब बिक रही है। इसका सीधा असर आम आदमी, किसानों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों और मध्यम वर्ग पर पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल महंगा होने से ट्रांसपोर्ट का खर्च बढ़ता है, जिसके कारण खाने-पीने की चीजें, सब्जियां, दूध, दवाइयां और रोजमर्रा की जरूरत का हर सामान महंगा हो जाता है। भाजपा सरकार महंगाई रोकने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। अजय यादव ने भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा केवल दिखावे और फोटोबाजी की राजनीति करती है। पहले स्वच्छता अभियान के नाम पर हाथ में झाड़ू लेकर फोटो खिंचवाए गए, लेकिन आज भी देश के शहरों और गांवों में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं और सफाई व्यवस्था बदहाल है। उन्होंने कहा कि अब पेट्रोल-डीजल बचाने के नाम पर भाजपा नेता जनता के बीच दिखावे के लिए कभी मेट्रो में सफर करते हैं, कभी ट्रेन और ऑटो में बैठते हैं, कभी साइकिल चलाते हैं और उसकी सेल्फी सोशल मीडिया पर डालते हैं। लेकिन कैमरे बंद होते ही वही नेता बड़े-बड़े काफिलों और लग्जरी गाड़ियों में घूमते दिखाई देते हैं। जनता अब भाजपा के इस दिखावे और प्रचार की राजनीति को समझ चुकी है।कैप्टन यादव ने कहा कि देश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट से जूझ रही है, लेकिन भाजपा सरकार केवल प्रचार और इवेंट मैनेजमेंट में व्यस्त है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और सीएनजी पर लगाए गए भारी टैक्स तुरंत कम किए जाएं ताकि आम जनता को राहत मिल सके।











