November 2, 2026 6:55 pm

सादगी और कड़े संगठनात्मक अनुशासन की मिसाल बना भाजपा का प्रशिक्षण महाअभियान

रेवाड़ी चीफ ब्यूरो दीपक तिवारी

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

 

भाजपा आयोजित दो दिवसीय ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान’ का समापन आज अटूट राष्ट्रनिष्ठा और संगठनात्मक संकल्प के साथ हुआ। जिला अध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली की अध्यक्षता में आयोजित शिविर के दूसरे दिन की शुरुआत सुबह के सत्र में एक विशेष योगासन शिविर से हुई, जिसमें उपस्थित योग प्रशिक्षकों ने सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को मानसिक व शारीरिक दृढ़ता के लिए योग का गहन अभ्यास कराया। प्रथम वैचारिक सत्र में मुख्य वक्ता सुमित्रा चौहान ने संगठन से जुड़े अपने गहरे व्यक्तिगत अनुभव साझा किए और कार्यकर्ताओं को मूल मंत्र दिया कि किस प्रकार आपसी बेहतर समन्वय बनाकर मतदाताओं को पार्टी की विचारधारा से लगातार जोड़े रखना है। इस सत्र में जिला अध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली ने सुमित्रा चौहान के साथ मंच साझा करने के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत-सत्कार किया। इसके बाद के सत्रों में वरिष्ठ नेता ऋषिपाल और मनीष यादव ने संगठन की मजबूती तथा समसामयिक चुनौतियों पर अपनी बात रखी। मनीष यादव ने आज के बदलते डिजिटल और सामाजिक दौर में संगठन के स्वरूप को आधुनिक आवश्यकताओं के अनुसार ढालने और नए लोगों को पार्टी के साथ जोड़कर उनके दिलों में जगह बनाने के गुर सिखाए।

आगामी सत्र में डॉ. सतीश खोला ने भी मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत कर संगठन निर्माण पर अपने महत्वपूर्ण संगठनात्मक सुझाव व प्रशिक्षण दिया। खोला ने ‘फैमिली आईडी’ परिवार पहचान पत्र के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि किस प्रकार सरकार इसके माध्यम से आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ निष्पक्ष व प्रभावी ढंग से पहुँचा रही है और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के ‘अंत्योदय’ के विचार को जमीन पर उतार रही है। शिविर में नवनियुक्त चेयरमैन विनीता पीपल ने भी सभी नवनियुक्त पार्षदों के साथ विशेष रूप से शिरकत की व संगठन के कड़े अनुशासन के साथ इसकी बारीकियां सीखीं। इस प्रशिक्षण महाअभियान में ‘डिजिटल इंडिया’ की अद्भुत झलक भी देखने को मिली, जब भाजपा की आईटी IT टीम द्वारा एक विशेष तकनीकी सत्र का संचालन किया गया। इसके तहत एक लाइव ऑनलाइन क्विज प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया गया, जिसमें सभी प्रतिभागियों, कार्यकर्ताओं व वरिष्ठ पदाधिकारियों ने डिजिटल माध्यम से अपनी सहभागिता दर्ज कर अपनी राजनीतिक व सामान्य समझ को परखा। पूरे प्रशिक्षण के दौरान भाजपा का जमीनी अनुशासन और शीर्ष नेतृत्व की सादगी हर तरफ चर्चा का मुख्य केंद्र बनी रही। मुख्य वक्ता, स्वयं जिलाध्यक्ष और अन्य सभी विशिष्ट अतिथि एक आम अनुशासित कार्यकर्ता की तरह हॉल में सामान्य कुर्सियों पर कार्यकर्ताओं के बीच ही बैठे नजर आए। वहीं डॉ. कृष्ण कुमार जो कि रात के प्रवास में भी सभी के साथ रहे, उन्होंने एक बेहद सामान्य कार्यकर्ता की तरह जमीन से जुड़कर अपनी पूरी भूमिका निभाई और देर रात तक पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक चर्चा में समय व्यतीत किया। कार्यक्रम में प्रदेश और जिले के सभी अपेक्षित पदाधिकारियों के साथ जिला प्रभारी नसीम अहमद, विधायक लक्ष्मण यादव, पूर्व मंत्री डॉ. बनवारी लाल, वरिष्ठ नेता वीर कुमार यादव, रत्नेश बंसल, रामपाल यादव, सिंह राम महलावत, हुकुमचंद यादव व प्रीतम चौहान भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रथम दिन की तरह दूसरे दिन भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए नेताओं ने ‘कार-पूलिंग’ को प्राथमिकता दी और आत्मनिर्भरता के संदेश को बढ़ाते हुए पूरी तरह ‘स्वदेशी’ पठन-लेखन सामग्री स्टेशनरी का उपयोग किया।

शिविर के अंतिम समापन सत्र में सभी देवतुल्य कार्यकर्ताओं व आगंतुक अतिथियों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए जिला अध्यक्षा डॉ. वंदना पोपली ने कहा कि यह सफल महाअभियान इस बात का जीवंत प्रमाण है कि भाजपा 24 घंटे और 7 दिन निरंतर राष्ट्रसेवा में काम करने वाला एक जीवंत संगठन है। हमारी पार्टी चुनाव जीतने के तुरंत बाद भी बिना किसी विश्राम या आत्ममुग्धता के युद्ध स्तर पर अपने संगठनात्मक कार्यों में जुट जाती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि संगठन ही पार्टी की असली नींव है और कड़ा अनुशासन ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। पोपली ने भावुक और दृढ़ शब्दों में कहा कि हमारे लिए सरकार में होना या न होना, जीत या हार गौण चीजें हैं; हमारा पहला परम कर्तव्य संगठन को मजबूत करना और अपनी निस्वार्थ मेहनत के दम पर जनता के दिलों में अपनी जगह को और गहरा बनाना है। भारी उत्साह, अटूट अनुशासन और देश सेवा के नए संकल्पों के साथ इस दो दिवसीय ऐतिहासिक संगठनात्मक शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ। पोपली ने सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ इस महाअभियान के संयोजक के रूप में शंकर धूपड का विशेष आभार जताया ।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें