रिपोर्टर विजेन्द्र कुमार मौर्या राबर्ट्सगंज सोनभद्र PNP news।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जनपद सोनभद्र से पेट्रोलियम बचत और पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक नई और प्रेरणादायक पहल शुरू हुई है। जिले के जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने मंगलवार को अपने आवास से पैदल चलकर कलेक्ट्रेट पहुंचते हुए अधिकारियों, कर्मचारियों और आम लोगों को ईंधन बचत का संदेश दिया।डीएम की इस पहल की पूरे जनपद में चर्चा रही।
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री द्वारा ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियान के क्रम में जिला प्रशासन ने यह पहल शुरू की है। जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रहित में किया गया छोटा प्रयास भी बड़े बदलाव की शुरुआत बन सकता है और पेट्रोलियम बचाना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।अधिकारियों को दिया समन्वय से काम करने का निर्देश
डीएम चर्चित गौड़ ने जिले के सभी विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि वे संयुक्त रूप से क्षेत्र भ्रमण, सम्पूर्ण समाधान दिवस, थाना दिवस, किसान दिवस और मासिक समीक्षा बैठकों में भाग लें। इससे अलग-अलग वाहनों के प्रयोग में कमी आएगी और ईंधन की अनावश्यक खपत रोकी जा सकेगी।
उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में बेहतर समन्वय बनाकर समय, संसाधन और पेट्रोलियम की बड़ी बचत संभव है।
सार्वजनिक परिवहन अपनाने की अपील
जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों से सप्ताह में कम से कम दो दिन सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिन दिनों फील्ड भ्रमण न हो, उन दिनों बस, ई-रिक्शा और अन्य सार्वजनिक साधनों से कार्यालय आना-जाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने विभागीय बैठकों को अधिक से अधिक ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित करने पर भी जोर दिया, ताकि अनावश्यक यात्राओं को कम किया जा सके।पैदल चलना और साइकिल चलाना बनाएं आदत
डीएम ने कहा कि पेट्रोलियम उत्पाद सीमित प्राकृतिक संसाधन हैं। इसलिए छोटी दूरी के लिए पैदल चलने और साइकिल के उपयोग की आदत विकसित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ईंधन बचत केवल आर्थिक मजबूती का विषय नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से भी जुड़ा हुआ है।
जिलाधिकारी का पैदल कलेक्ट्रेट पहुंचना पूरे दिन प्रशासनिक गलियारों और आमजन के बीच चर्चा का विषय बना रहा। लोगों ने इस पहल को सकारात्मक और प्रेरणादायक कदम बताया।











