रिपोर्टर योगेश यादव पीएनपी न्यूज महाराष्ट्र
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!महाराष्ट्र के बीड़ जिले में फर्जी शादी के जरिए ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का खुलासा हुआ है। इस गैंग ने ग्रामीण इलाकों के कई युवकों को अपना शिकार बनाया है। ताजा मामला गेवराई तहसील के उमापुर गांव से सामने आया, जहां एक युवती ने शादी के नाम पर एक युवक को लाखों रुपये का चूना लगा दिया।
जानकारी के मुताबिक, गांव के एक युवक की शादी के लिए कुछ एजेंटों ने मध्यस्थता की और रिश्ता तय कराने के नाम पर उससे मोटी रकम वसूली। इसके बाद पूरे रीति-रिवाज के साथ शादी भी कराई गई और दुल्हन ससुराल पहुंच गई। लेकिन कुछ ही दिनों बाद वह अचानक गायब हो गई।
बाद में जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि जिस युवती से युवक की शादी हुई थी, वह पहले ही आठ अलग-अलग लोगों से शादी कर चुकी थी। यह गिरोह हर बार इसी तरह शादी कराकर कुछ दिनों के भीतर नकदी और जेवर लेकर फरार हो जाता था।
पीड़ित युवक ने इस मामले की शिकायत एसपी से की है। उसने अपने आवेदन में बताया कि उसके साथ लाखों रुपये की धोखाधड़ी हुई है और अब उसे न्याय की उम्मीद है। युवक का कहना है कि उसे पूरी तरह अंधेरे में रखकर यह शादी कराई गई थी।
इस मामले में चकलांबा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कर ली गई है और पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
बताया जा रहा है कि यह गैंग खासतौर पर उन ग्रामीण युवकों को निशाना बनाता था, जिन्हें शादी के लिए दुल्हन ढूंढने में कठिनाई होती है। एजेंटों के जरिए संपर्क कर पहले भरोसा जीता जाता है, फिर गरीबी और मजबूरी का हवाला देकर पैसे लिए जाते हैं और कुछ दिनों बाद दुल्हन फरार हो जाती है।











