| रिपोर्टर योगेश यादव | पीएनपी न्यूज महाराष्ट्र
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!महाराष्ट्र में युवतियों को कथित ‘लव जिहाद’ से बचाने के नाम पर एक नई पहल शुरू की गई है। नागपुर में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और दुर्गा वाहिनी ने घोषणा की है कि 9वीं कक्षा से ऊपर पढ़ने वाली छात्राओं और कॉलेज छात्राओं को जागरूकता प्रशिक्षण दिया जाएगा। मई महीने में आयोजित होने वाले प्रशिक्षण शिविरों में छात्राओं को सतर्क रहने और ऐसे मामलों से बचने के तरीके बताए जाएंगे। साथ ही नए शैक्षणिक सत्र से स्कूलों और कॉलेजों में भी जागरूकता अभियान चलाने की योजना है।
इसी बीच नागपुर के मनकापुर क्षेत्र में सामाजिक सेवा के नाम पर चल रही यूनिवर्सल मल्टीपर्पज सोसायटी विवादों में आ गई है। संस्था के संस्थापक रियाज काजी को चार युवतियों की शिकायत के बाद मनकापुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस अब संस्था को मिलने वाली फंडिंग और अन्य गतिविधियों की जांच कर रही है।
रियाज काजी ने वर्ष 2010 में इस संस्था की स्थापना की थी। वह पहले स्वास्थ्य विभाग से जुड़ा था और 2018 से शिक्षा क्षेत्र में सक्रिय था। संस्था के तहत कई केंद्र संचालित किए जा रहे थे। अब पुलिस धार्मिक दबाव और फंडिंग से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।
हाल के दिनों में महाराष्ट्र में धर्मांतरण और महिलाओं से जुड़े कई मामलों ने सुर्खियां बटोरी हैं, जिनमें नासिक, अमरावती के परतवाड़ा और नागपुर के मामले शामिल हैं। इसके बाद विश्व हिंदू परिषद ने अपने आगामी शिविरों के पाठ्यक्रम में बदलाव करते हुए इस विषय को शामिल किया है।
विश्व हिंदू परिषद के विदर्भ उपाध्यक्ष हेमंत जांबेकर ने कहा कि शिविरों में छात्राओं को जागरूक किया जाएगा कि किस तरह उन्हें झांसे में लेने की कोशिश की जा सकती है और उससे कैसे बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन पूरे महाराष्ट्र में स्कूलों और कॉलेजों में जाकर जागरूकता अभियान चलाएगा।











