. रिपोर्टर विजेन्द्र कुमार मौर्या राबर्ट्सगंज सोनभद्र PNP news।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!रेणुकूट वन प्रभाग के म्योरपुर रेंज अंतर्गत रनटोला जंगल में खैर के पेड़ों की अवैध कटान का मामला सामने आया है। जंगल के भीतर दर्जनों पेड़ काटे जाने से वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।ग्रामीणों के अनुसार मुर्धवा-बीजपुर मार्ग स्थित आश्रम मोड़ से करीब 200 मीटर पहले सड़क से अंदर जंगल क्षेत्र में तस्कर सक्रिय हैं। बताया जा रहा है कि मशीनों की मदद से पेड़ों की कटाई की जा रही है और बाद में ठूंठों को मिट्टी से ढक दिया जाता है, जिससे पहली नजर में अवैध कटान का पता न चल सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में वन विभाग के वाचर तैनात हैं, इसके बावजूद इतने बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई होना लापरवाही को दर्शाता है। नियमित गश्त और निगरानी होती तो इस पर अंकुश लगाया जा सकता था। पर्यावरण प्रेमियों ने चेतावनी दी है कि खैर जैसे बहुमूल्य वृक्षों की अंधाधुंध कटाई से जंगल का पारिस्थितिक संतुलन प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने उच्च अधिकारियों से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। गौरतलब है कि खैर की लकड़ी से कत्था तैयार किया जाता है, जिसकी बाजार में अच्छी कीमत मिलती है। यही वजह है कि तस्कर लगातार इस प्रजाति के पेड़ों को निशाना बना रहे हैं।











