November 2, 2026 11:27 pm

परिवेदना समिति की बैठक में जमीन, सीवरेज और कब्जों के मुद्दे छाए—मंत्री सख्त

रेवाड़ी, 29 मार्च चीफ ब्यूरो दीपक तिवारी

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

 

हरियाणा के राजस्व एवं शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने कहा है कि अधिकारी आम जनता के हित में कार्य करें। जन शिकायतों का समय पर निवारण हो जाए तो नागरिकों का समय खराब नहीं होगा। गोयल बाल भवन सभागार में जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बैठक में शिकायत आने से पहले अधिकारी उसकी अपने स्तर पर जांच करें और उस पर प्रभावी कार्यवाही कर लें तो काफी समस्याओं का निवारण प्राथमिक चरण में ही हो सकता है। उन्होंने कहा कि यह बैठक बुलाने का एक ही मकसद है कि जन शिकायतों का प्रभावी ढंग से निवारण करवाया जाए। अतएव जनसमस्याओं को लेकर अधिकारी सतर्क रहें और कहीं से कोई शिकायत आती है तो उसका तत्परता से समाधान करने का प्रयास करें। बैठक में विपुल गोयल के साथ विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, विधायक डा. कृष्ण कुमार, विधायक अनिल यादव, डीसी अभिषेक मीणा, एसपी हेमेंद्र मीणा, एडीसी राहुल मोदी, भाजपा जिलाध्यक्ष डा. वंदना पोपली, महामंत्री हिमांशु पालीवाल सहित अनेक अधिकारी व समिति के सरकारी व गैर सरकारी सदस्य उपस्थित रहे। गांव डालिया की तारा देवी ने शिकायत रखी कि पंचायती जमीन की सफाई नहीं हो रही है। कुछ लोग इस पर नाजायज कब्जा करना चाहते हैं। बीडीपीओ ने बताया कि इस स्थान की सफाई करवा दी गई है। करीब 500 गज की यह जमीन शिकायतकर्ता के घर के सामने है। मंत्री विपुल गोयल ने विधायक अनिल यादव को इस मामले का निपटारा करवाने के लिए कहा और जमीन पर टाइल बिछाने के निर्देश दिए। गांव रामपुरा के कुछ लोगों ने सीवरेज से संबंधित शिकायत की थी, जो कि जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा लाइन डलवा दी गई है। गांव खेड़ा आलमपुर के निवासी रामप्रसाद ने पंचायती जमीन में उसका हिस्सा होने की शिकायत की, जिसे मंत्री ने विधायक अनिल यादव की देखरेख में निपटाने के निर्देश दिए।

रेवाड़ी के निवासी मंजीत ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण पर प्लॉट का कब्जा ना दिए जाने की शिकायत रखी। शहरी विकास मंत्री ने 15 दिन में इसकी रिपोर्ट डीसी को दिए जाने के स्टेट ऑफिसर दीपक घनघस को निर्देश दिए। गांव जीतपुरा के बाबूलाल ने 1.5 एकड़ पंचायती भूमि पर कब्जा होने की शिकायत रखी। मंत्री विपुल गोयल ने इस मामले में जमीन की तारबंदी करवाने के निर्देश दिए।

गांव संगवाड़ी निवासी जगराम ने संदेह जताया कि उसके बेटे की करीब बीस दिन पहले हत्या हुई है। उसे धमकियां दी जा रही हैं। राजस्व मंत्री ने यह मामला सीआईए को सौंप कर इसकी छानबीन करवाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला नगर आयुक्त ब्रह्म प्रकाश, एसडीएम सुरेश कुमार, एसडीएम मनोज कुमार, एसडीएम विजय कुमार यादव, नगराधीश जितेंद्र कुमार, डीएसपी डा. रविंद्र सिंह, डीएसपी सुरेंद्र श्योराण, बिजली वितरण निगम के अधीक्षक अभियंता प्रदीप चौहान, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता सतेंद्र श्योराण व समाजसेवी रत्नेश बंसल इत्यादि मौजूद रहे।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें