November 2, 2026 9:46 pm

सोनभद्र में दर्दनाक हादसा: ओवरलोड ट्रक से गिरा कोयला, बाइक सवार की मौत

रिपोर्टर: विजेन्द्र कुमार मौर्या, राबर्ट्सगंज | PNP News*

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के शक्तिनगर थाना क्षेत्र में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एनसीएल खड़िया और दूधीचुआ के बीच रेलवे क्रॉसिंग के पास एक ओवरलोड कोयला लदा ट्रक गुजर रहा था। इसी दौरान ट्रक से कोयले का एक बड़ा टुकड़ा अचानक नीचे गिर गया, जिसकी चपेट में पीछे चल रहे बाइक सवार दो युवक आ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं, मृतक के परिजनों को जैसे ही हादसे की सूचना मिली, घर में कोहराम मच गया।

घटना से नाराज ग्रामीणों ने रेलवे क्रॉसिंग के पास शव रखकर जाम लगा दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से ओवरलोड कोयला और राखड़ लदे वाहन धड़ल्ले से चल रहे हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा।

ग्राम प्रधान हीरालाल ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि ट्रकों से गिरने वाला कोयला लोगों के लिए जानलेवा बनता जा रहा है। वहीं, मृतक के भाई ने भी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

सूचना मिलते ही शक्तिनगर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम हटवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।यह हादसा एक बार फिर ओवरलोड वाहनों के खतरे को उजागर करता है। यदि समय रहते इस पर सख्ती नहीं की गई, तो ऐसे हादसे आगे भी लोगों की जान लेते रहेंगे।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें