सोनभद्र/ पत्रकार विजेंद्र कुमार मौर्य
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सोनभद्र जिले के शाहगंज थाना क्षेत्र के आरंगी गांव में घरेलू बिजली पोल में करंट उतर जाने से लगभग 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
जानकारी के अनुसार बुजुर्ग महिला सुबह हैंडपंप पर स्नान करने के बाद अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में लगे बिजली के खंभे के स्टे तार में अचानक करंट प्रवाहित हो रहा था। महिला जैसे ही उसके संपर्क में आई, वह करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई और वहीं गिर पड़ी।
घटना को देख आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े और महिला को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर समय रहते बिजली व्यवस्था की जांच की जाती तो यह हादसा टल सकता था।ग्रामीणों ने यह भी बताया कि कुछ समय पहले घोरावल क्षेत्र में भी विभागीय लापरवाही के आरोपों के बीच करंट लगने से एक बिजली कर्मी की मौत हुई थी, जिसके बाद एक्सियन, एसडीओ और जेई के खिलाफ कार्रवाई की गई थी।
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है, वहीं बिजली विभाग के अधिकारी मामले की जांच में जुट गए हैं। ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।











