रेवाड़ी चीफ ब्यूरो दीपक तिवारी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!रेवाड़ी शहर के हुडा बाईपास स्थित राजेश पायलट चौक के समीप आनलाइन ग्रासरी के सामान की डिलीवरी करने वाली जेप्टो कंपनी के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग को बुझाने में दमकल विभाग की 21 गाड़ियां के सहारे दमकलकर्मी चार घंटे तक मशक्कत करते रहे। आग की वजह से गोदाम में रखा करीब 10 करोड़ रुपये का सामान जलकर राख हो गया। हालांकि पुलिस की टीमें आग के कारणों की जांच में जुटी है।
बता दें कि बाईपास पर जेप्टो प्राइवेट लिमिटेड का गोदाम बना हुआ है। इसी गोदाम के जरिये पूरे जिले में ग्रासरी के सामान की आनलाइन डिलीवरी होती है। चौकीदार के मुताबिक, सुबह चार बजे का समय था, अचानक गोदाम से धुआं उठने लगा। देखते ही देखते पूरे गोदाम से आग की लपटें उठनी शुरू हो गई। उन्होंने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना के बाद दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची। लेकिन तब तक आग इतनी भीषण हो चुकी थी कि एक के बाद एक सात और गाड़ियों को मौके पर बुलाना पड़ा। करीब चार घंटे तक दमकल विभाग के कर्मचारी आग को बुझाने में लगे रहे। इस दौरान दमकल की कुल 21 गाड़ियां मौके पर पहुंची। सुबह आठ बजे के करीब आग पर काबू पाया जा सका। तब तक गोदाम में रखा ग्रासरी का सामान जलकर राख हो चुका था। सूचना के बाद माडल टाउन थाना पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस आग के कारणों की जांच कर रही है।











