संवाददाता अजीत कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैरिया बलिया।क्षेत्र के टोला शिवन राय स्थित शिक्षक शिवनाथ सिंह इंटरमीडिएट कॉलेज में सोमवार को शिक्षक शिवनाथ सिंह की अठारहवीं पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में बलिया, छपरा एवं सिवान से आए पूर्व सैनिकों, पूर्व शिक्षकों तथा वर्तमान शिक्षकों को अंगवस्त्रम भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए मेडल प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। सम्मान पाकर छात्र-छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। समाजसेवी निर्भय नारायण सिंह ने अपने संबोधन में शिक्षक शिवनाथ सिंह के शैक्षिक योगदान और उनके आदर्शों को याद करते हुए कहा कि उनका पूरा जीवन शिक्षा और समाज सेवा को समर्पित रहा। मुख्य अतिथि डॉ. कृष्ण मोहन यादव, प्रदेशाध्यक्ष, माध्यमिक वित्त विहीन प्रधानाचार्य महासभा (उत्तर प्रदेश) ने कहा कि शिक्षक शिवनाथ सिंह जैसे शिक्षाविद् समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने छात्रों से अनुशासन, परिश्रम और नैतिक मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने शिक्षक शिवनाथ सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर पूर्व विधायक सुरेंद्र नाथ सिंह , विनोद सिंह पूर्व प्रधान ,पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा विजय बहादुर सिंह ,पूर्व शिक्षक छठु सिंह ,सतेन्द्र सिंह ,नरेंद्र सिंह ,शशि सिंह सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे ।कार्यक्रम के आयोजक नागेन्द्र प्रसाद सिंह ने सभी आगन्तुकों का कोटिशः आभार व्यक्त किया ।











