संवाददाता अजीत कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बलिया। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पकड़ी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अपहरण, दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट से जुड़े मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सिकंदरपुर रजनीश कुमार और थानाध्यक्ष पकड़ी लालमणि सरोज के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, वादिनी ने थाना पकड़ी पर प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि उसकी नाबालिग पुत्री को गांव का ही युवक मनु कुमार उर्फ मन्नु, पुत्र अमिता राम, निवासी पिपरापट्टी बहोरापुर गैरिया, थाना पकड़ी, बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। इस संबंध में थाना पकड़ी पर मुकदमा दर्ज कर पीड़िता की तलाश और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित की गई थीं। सोमवार को उपनिरीक्षक मुकेश यादव पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त एवं विवेचना में मामूर थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर रतसी मेहमापुर पुलिया के पास से आरोपी मनु कुमार उर्फ मन्नु (उम्र लगभग 22 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि पीड़िता को पूर्व में सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया था। मेडिकल परीक्षण एवं बयान के आधार पर मामले में धारा 65(1) बीएनएस तथा 5(जे)(2), 5(एल)/6 पाक्सो एक्ट की बढ़ोतरी की गई। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया गया है।











