मनोज कुमार (जहानाबाद )
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, जहानाबाद के हुलासगंज स्थित छात्रावास में सोमवार को शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई। आग लगते ही छात्रावास में अफरा-तफरी मच गई और छात्रों में भय का माहौल उत्पन्न हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग छात्रावास के एक हिस्से में लगी, जिसे बुझाने के लिए छात्रों एवं कॉलेज कर्मियों द्वारा तत्काल प्रयास किया गया। अग्निशमन गैस सिलेंडर की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की गई, लेकिन धुएं और गैस के प्रभाव से कई छात्रों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी।
काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक छात्रावास में लगे दो से तीन छात्रों का लैपटॉप एवं अन्य सामान जलकर पूरी तरह राख हो गए।
अग्निशमन गैस की चपेट में आकर 6 छात्र बेहोश
आग बुझाने के दौरान अग्निशमन गैस की चपेट में आने से छह छात्र बेहोश हो गए, जिन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, हुलासगंज में भर्ती कराया गया। बेहोश हुए छात्रों में—
गुड्डू कुमार (21 वर्ष)
सुमित कुमार (19 वर्ष)
रौनित कुमार (22 वर्ष)
सिकंदर कुमार (23 वर्ष)
अभिनय कुमार (19 वर्ष)
शशि कुमार (22 वर्ष)
शामिल हैं। चिकित्सकों द्वारा सभी का इलाज किया जा रहा है। गंभीर स्थिति को देखते हुए गुड्डू कुमार को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, जहानाबाद रेफर कर दिया गया है।
कॉलेज प्रशासन रहा मुस्तैद
घटना की सूचना मिलते ही कॉलेज प्रशासन मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने में सक्रिय भूमिका निभाई। प्रशासन द्वारा छात्रों की सुरक्षा एवं उपचार की समुचित व्यवस्था की गई।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद छात्रावास में सुरक्षा व्यवस्था और विद्युत उपकरणों की जांच की मांग छात्रों द्वारा की जा रही है।











