संवाददाता अजीत कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैरिया (बलिया)। नीलम देवी महाविद्यालय, धतूरी टोला में मंगलवार को महाविद्यालय के संस्थापक स्वर्गीय डॉ. विष्णु बहादुर सिंह की प्रथम पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सैकड़ों लोगों ने उपस्थित होकर उन्हें श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संस्थापक के तैलचित्र पर पूजन-अर्चन व पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। प्रार्थना सभा में महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं, शिक्षणेतर कर्मचारी सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग शामिल हुए।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. ज्ञान प्रकाश ने कहा कि स्वर्गीय डॉ. विष्णु बहादुर सिंह ने शिक्षा को समाज परिवर्तन का सशक्त माध्यम माना और ग्रामीण क्षेत्र में उच्च शिक्षा की मजबूत नींव रखी। उनके बताए मार्ग पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि है। इस अवसर पर वीरेंद्र मिश्र, नरेंद्र माली, श्रीमती पम्मी सिंह, धीरेंद्र वर्मा, नित्यानंद सिंह, शैलेश सिंह, अखिलेश सिंह, रमेश सिंह, छठ्ठू प्रसाद सिंह, रमेश पांडेय, सकील खान सहित दर्जनों लोगों ने माल्यार्पण कर अपने विचार व्यक्त किए और उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती सोनू सिंह ने किया, जबकि आगंतुकों के प्रति आभार राकेश सिंह ने प्रकट किया। पुण्यतिथि के अवसर पर सामाजिक सरोकार निभाते हुए बलिया स्थित एक वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के लिए लंगर का भी आयोजन किया गया।











