बदायूँ। जनपद बदायूँ के थाना उसहैत क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या के वांछित अभियुक्त को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार 06 जनवरी 2026 को ग्राम अहमद नगर बछौरा निवासी राजाराम की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज हत्याकांड में वांछित चल रहे अभियुक्त अफसर उर्फ बौना उर्फ पहलवान को थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुठभेड़ के दौरान दबोच लिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
पुलिस के मुताबिक थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान भुण्डी मोड़ के पास एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर वह भागने लगा। खुद को घिरा देख अभियुक्त ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अभियुक्त के दोनों पैरों में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।
मुठभेड़ के बाद पुलिस टीम ने घायल अभियुक्त को मौके से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, तीन जिंदा कारतूस एवं एक खोखा कारतूस बरामद किया गया। घायल अभियुक्त को तत्काल उपचार हेतु जिला अस्पताल बदायूँ में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज पुलिस अभिरक्षा में चल रहा है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अफसर उर्फ बौना उर्फ पहलवान पुत्र असगर अली, निवासी ग्राम अहमद नगर बछौरा, थाना उसहैत, जनपद बदायूँ (हाल निवासी ग्राम नौली फतुआबाद) के रूप में हुई है। अभियुक्त के विरुद्ध थाना उसहैत में हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि अभियुक्त घटना के बाद से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। पुलिस टीम की सतर्कता के चलते उसे मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक बदायूँ ने इस सफल कार्रवाई पर थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह एवं उनकी पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
जितेन्द्र कुमार यादव
पी० एन० पी० न्यूज
स्टेट ब्यूरो चीफ उत्तर प्रदेश











