फरार आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास,पहले से दर्ज हैं कई गंभीर मुकदमे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!संवाददाता अजीत कुमार सिंह
बैरिया बलिया। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में थाना दोकटी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 15 किलो अवैध गांजा के साथ एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 75 हजार रुपये बताई जा रही है। इस मामले में महिला का भाई फरार हो गया, जिसका आपराधिक इतिहास बेहद संगीन बताया जा रहा है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) कृपा शंकर के निकट पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी बैरिया मो. फहीम कुरैशी के नेतृत्व में की गई। थानाध्यक्ष दोकटी अनुपम जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम 8 जनवरी की रात गश्त व क्षेत्र भ्रमण पर थी। इसी दौरान सेमरिया ढाला के पास मुखबिर खास से सूचना मिली कि वाजीदपुर ढाले पर एक महिला और एक पुरुष अवैध गांजा लेकर खड़े हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर एक व्यक्ति बोरा फेंककर फरार हो गया, जबकि महिला को मौके पर पकड़ लिया गया। गिरफ्तार महिला की पहचान निधि कुमारी पुत्री अशोक, निवासी वाजीदपुर, थाना दोकटी के रूप में हुई। उसके कब्जे से 7 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद किया गया। कड़ाई से पूछताछ करने पर महिला ने फरार व्यक्ति का नाम राजू उर्फ सोनू पुत्र अशोक बताया, जो उसका सगा भाई है। महिला की निशानदेही पर मौके से फेंका गया दूसरा बोरा भी बरामद किया गया, जिसमें 7 किलो 500 ग्राम गांजा पाया गया। इस तरह कुल 15 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार फरार अभियुक्त राजू उर्फ सोनू का आपराधिक इतिहास लंबा और गंभीर है। उसके खिलाफ थाना दोकटी में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें छेड़छाड़, एससी/एसटी एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, धोखाधड़ी, मारपीट, बलवा, हत्या के प्रयास जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी लंबे समय से अपराध की दुनिया में सक्रिय रहा है। इस संबंध में थाना दोकटी पर मु.अ.सं. 05/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार अभियुक्ता को न्यायालय भेजा जा रहा है, जबकि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अनुपम जायसवाल, उपनिरीक्षक रामअवध यादव, महिला कांस्टेबल कविता चौहान सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।











