संवाददाता अजीत कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बलिया। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार तड़के स्वाट, सर्विलांस और थाना रसड़ा पुलिस टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस मुठभेड़ में हत्या के मामले से जुड़े दो आरोपियों के पैर में गोली लगी, जबकि कुल पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार 26 दिसंबर की सुबह करीब 4:50 बजे स्वाट, सर्विलांस और रसड़ा पुलिस टीम मुंडेरा रोड कटुहरा पर चेकिंग व गश्त कर रही थी। इसी दौरान कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश घायल हो गए, जबकि तीन अन्य को दौड़ाकर पकड़ लिया गया। घायल अभियुक्तों की पहचान मंजीत सिंह उर्फ ओम सिंह (27) निवासी मडहीं थाना कासिमाबाद गाजीपुर और संदीप सिंह उर्फ गोलू सिंह (23) निवासी खजुरगांव थाना कासिमाबाद गाजीपुर के रूप में हुई है। दोनों के बाएं पैर में गोली लगी है। घायलों का उपचार सदर अस्पताल बलिया में चल रहा है। गिरफ्तार अन्य अभियुक्तों में अतुल सिंह उर्फ बब्बू सिंह (21), प्रवीण सिंह उर्फ गोलू (27) और प्रभात सिंह उर्फ बंटी (22) निवासी खजुरगांव थाना कासिमाबाद गाजीपुर शामिल हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 25 दिसंबर की रात करीब 9:45 बजे राघोपुर चट्टी पर संतोष सिंह उर्फ बागी की गोली मारकर हत्या की थी। जामा तलाशी के दौरान अभियुक्तों के कब्जे से एक पिस्टल (.32 बोर) मय दो जिंदा व दो खोखा कारतूस, एक कट्टा (.315 बोर) मय एक जिंदा व दो खोखा कारतूस तथा दो मोटरसाइकिल (अपाचे और स्प्लेंडर) बरामद की गई हैं।पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।











