संपादक नीलेश वर्मा PNP NEWS
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!वाराणसी। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के शिवदासपुर इलाके में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित चाइनीज़ मांझा बेचने के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलिराम राजभर और अनिल राजभर के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से लगभग 14 किलो प्रतिबंधित चाइनीज़ मांझा बरामद किया है, जिसे जब्त कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
मंडुवाडीह थाना प्रभारी अजय राज वर्मा को गुप्त सूचना मिली थी कि शिवदासपुर क्षेत्र में एक दुकान से अवैध रूप से चाइनीज़ मांझा की बिक्री की जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद उन्होंने लहरतारा चौकी प्रभारी राहुल सिंह को अवगत कराया। इसके बाद राहुल सिंह के नेतृत्व में एसआई विवेक यादव सहित पुलिस टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर छापेमारी कर दुकान की तलाशी ली, जहां से भारी मात्रा में प्रतिबंधित चाइनीज़ मांझा बरामद किया गया। बरामद मांझे का कुल वजन लगभग 14 किलो बताया गया है। मौके से दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें अवैध बिक्री की पुष्टि हुई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चाइनीज़ मांझा पूरी तरह प्रतिबंधित है, क्योंकि यह पक्षियों, राहगीरों और विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों के लिए अत्यंत जानलेवा साबित हो सकता है। इसके कारण हर वर्ष कई गंभीर हादसे सामने आते हैं।
इस मामले में आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि कहीं भी चाइनीज़ मांझा की बिक्री या उपयोग की सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।











