चौपालों के जरिए महिलाओं-बालिकाओं को किया गया जागरूक, पंपलेट्स का वितरण।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
संवाददाता अजीत कुमार सिंह
बलिया। महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर जनपद बलिया पुलिस द्वारा मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के अंतर्गत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में जनपद के सभी थानों की महिला सुरक्षा टीमों ने गांव-कस्बों, विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं व बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी। अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर महिला चौपालों का आयोजन किया गया, जहां महिलाओं से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी गईं और समाधान के प्रति उन्हें जागरूक किया गया। चौपालों में महिलाओं को आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने, किसी भी प्रकार के उत्पीड़न का विरोध करने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। महिला पुलिस टीमों ने चौपालों और जनसंपर्क कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबरों के पंपलेट्स वितरित किए, जिनमें वीमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस आपात सेवा 112, सीएम हेल्पलाइन 1076, एम्बुलेंस सेवा 108 और साइबर हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं। महिलाओं को बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत इन नंबरों पर संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है। एंटी रोमियो टीम द्वारा स्कूलों, कोचिंग सेंटरों, बाजारों और अन्य भीड़-भाड़ वाले इलाकों में छात्राओं और बालिकाओं को गुड टच-बैड टच की जानकारी दी गई। उन्हें समझाया गया कि यदि कोई परिचित या अपरिचित व्यक्ति असहज व्यवहार करता है तो तुरंत उस स्थान से हटकर अपने अभिभावक, शिक्षक या पुलिस को सूचना दें। साथ ही, बालिकाओं को साइबर सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया गया और सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी गई। किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी या उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन या पुलिस से संपर्क करने को कहा गया। कार्यक्रमों के दौरान महिलाओं को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, राष्ट्रीय पोषण मिशन, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और आयुष्मान भारत योजना जैसी योजनाओं की जानकारी दी गई। अभियान के दौरान एंटी रोमियो टीम ने धार्मिक स्थलों, पार्कों, विद्यालयों और कोचिंग सेंटरों के आसपास अनावश्यक रूप से घूम रहे संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर चेतावनी दी और आवश्यकतानुसार कार्रवाई भी की। बलिया पुलिस का यह अभियान महिलाओं में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने और समाज में सकारात्मक संदेश देने की दिशा में एक प्रभावी कदम माना जा रहा है। मिशन शक्ति फेज-5.0 के माध्यम से जन सहभागिता को और अधिक सशक्त बनाने का प्रयास लगातार जारी है।











