संवाददाता अजीत कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैरिया बलिया। रेवती थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने घाघरा नदी के उस पार बिहार सीमा से सटे इलाकों में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने छापेमारी कर कच्ची शराब बनाने में इस्तेमाल हो रहे करीब 80 हजार लीटर लहन और 20 अवैध भट्टियों को नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देश पर की गई। अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी कृपा शंकर के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी बैरिया मो. फहीम कुरैशी और थानाध्यक्ष रेवती राजेश बहादुर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चौकी गोपालनगर के डुमाईगढ़ क्षेत्र और बिहार बार्डर से सटे इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान पुलिस को भारी मात्रा में लहन,नौसादर, फिटकरी और अन्य रसायन मिले, जिनका उपयोग अवैध कच्ची देशी शराब तैयार करने में किया जा रहा था। सभी भट्टियों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। हालांकि कार्रवाई के समय शराब तस्कर फरार मिले और मौके से कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार घाघरा नदी के पार और सीमावर्ती इलाकों में लंबे समय से अवैध शराब निर्माण की शिकायतें मिल रही थीं। इसी के मद्देनजर यह सघन अभियान चलाया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध शराब निर्माण या बिक्री की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।











