| रिपोर्टर: योगेश यादव | पीएनपी न्यूज़ महाराष्ट्र**
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पनवेल से खांदेश्वर स्टेशन के बीच गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक 18 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्रा को चलती लोकल ट्रेन से नीचे धक्का दे दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता खारघर स्थित एक प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ाई करती है। गुरुवार सुबह करीब 8 बजे वह अपनी सहेली के साथ पनवेल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 से सीएसएमटी जाने वाली लोकल ट्रेन के **लेडीज कोच** में सवार हुई थी।
इसी दौरान **शेख अख्तर नवाज (50)** नामक व्यक्ति अचानक महिलाओं के लिए आरक्षित डिब्बे में घुस आया। महिला यात्रियों द्वारा विरोध करने पर वह उनसे बहस करने लगा। बहस बढ़ने पर आरोपी आपा खो बैठा और उसने पीछे से छात्रा को जोरदार धक्का दे दिया। ट्रेन चल रही थी और छात्रा सीधे रेलवे ट्रैक पर गिर गई।
इस भयावह दृश्य को देखकर डिब्बे में मौजूद महिलाएं चीख-पुकार करने लगीं। छात्रा के सिर, कमर और हाथ-पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। घायल अवस्था में उसने अपने पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन चोटें गंभीर हैं।
रेलवे पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना के बाद आरोपी खांदेश्वर स्टेशन पर उतरकर फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन महिला यात्रियों की सतर्कता से जीआरपी को सूचना दी गई। रेलवे पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पनवेल रेलवे पुलिस ने आरोपी के खिलाफ **बीएनएस की धारा 109** और **भारतीय रेलवे अधिनियम की धारा 162 व 138** के तहत मामला दर्ज किया है। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विजय तायडे ने बताया कि आरोपी अकेला रहता है और प्रारंभिक जांच में उसके मानसिक संतुलन ठीक न होने की आशंका जताई जा रही है। अदालत ने आरोपी को **तीन दिन की पुलिस हिरासत** में भेज दिया है।











