तहसील संवाददाता अजीत कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैरिया (बलिया)। श्री मुनिश्वरानन्द उर्फ खपड़िया बाबा के 40वें निर्वाण दिवस के अवसर पर आयोजित अतिद्वय रुद्र महायज्ञ की भव्य जलयात्रा रविवार को निकाली जाएगी। यह जलयात्रा आश्रम संकीर्तन नगर (श्रीपालपुर) के प्रांगण से प्रातः 8 बजे प्रारंभ होकर शिवपुर गंगा घाट तक जाएगी।
जलयात्रा में सुसज्जित रथ पर झांकियों के साथ सैकड़ों की संख्या में हाथी, घोड़े एवं दर्जनों वाहन शामिल होंगे। श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों और जयघोष के बीच गंगाजल लेने के लिए प्रस्थान करेंगे। आयोजन को लेकर आश्रम परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में भक्तिमय माहौल बना हुआ है।
महायज्ञ के कार्यक्रम के अनुसार सोमवार को पंचांग एवं वेदी पूजन किया जाएगा, जबकि मंगलवार को अरणि मंथन के साथ अतिद्वय रुद्र महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ होगा। 1 जनवरी (गुरुवार) को अपराह्न 2:10 बजे महाआरती का आयोजन होगा, जो परंपरागत रूप से स्वामी हरिहरानन्द जी द्वारा स्वयं समाधि में प्रवेश कर संपन्न की जाती है। महायज्ञ की पूर्णाहुति 2 जनवरी को होगी, जबकि 3 जनवरी को विशाल भंडारे एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु आश्रम पहुंचने लगे हैं।
आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।











