संवाददाता अजीत कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बलिया। पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5 “आपरेशन मुस्कान” के तहत बांसडीह पुलिस व मिशन शक्ति टीम को उल्लेखनीय सफलता मिली है। थाना बांसडीह पुलिस ने गुमशुदा एक महिला समेत उसकी दो नाबालिग पुत्रियों को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला के निकट पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्र और प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार 10 दिसंबर 2025 को वादी द्वारा थाना बांसडीह में प्रार्थना पत्र दिया गया था कि उसकी भाभी अपनी दो नाबालिग पुत्रियों के साथ घर से चली गई है, जिनकी काफी तलाश के बावजूद कोई जानकारी नहीं मिल पा रही थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल गुमशुदगी दर्ज कर खोजबीन शुरू की। बांसडीह पुलिस व मिशन शक्ति टीम ने जिले के सभी थाना व चौकी प्रभारियों, डिजिटल वालंटियर ग्रुप, सोशल मीडिया और सीसीटीवी कैमरों की मदद से व्यापक स्तर पर खोज अभियान चलाया। अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप 13 दिसंबर 2025 को महिला व दोनों नाबालिग बालिकाओं को सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूर्ण करते हुए तीनों को सुरक्षित रूप से परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों ने पुलिस की तत्परता और मानवीय प्रयासों की सराहना की है।











