Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रेवाड़ी ब्यूरो चीफ- दीपक तिवारी
रेवाड़ी पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने आमजन से कहा है कि असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण पाने हेतु घरों में बाहर से आये हुए किरायेदारों व नौकरों की पुलिस वेरिफिकेशन करवाकर पुलिस का सहयोग करें क्योंकि कुछ आपराधिक किस्म के व्यक्ति जो बाहर से आकर किराये पर रहकर अपराध को अंजाम देकर भाग जाते है फिर उनका रिकार्ड ना तो मकान मालिक के पास होता ना पुलिस के पास होता है इसलिए कड़ी सुरक्षा के तहत इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए बाहर से आए हुए किरायेदारों की सत्यापन रिपोर्ट करवाकर संबंधित पुलिस थाना में रिकार्ड जमा करवाने में पुलिस का सहयोग करें।
पुलिस अधीक्षक ने आगे कहा कि पुलिस द्वारा किरायेदारों व नौकरों की वेरिफिकेशन हेतु समय-समय पर विशेष अभियान चलाया जाता रहा है। अभियान के तहत जितना जल्दी संभव हो अपने किरायेदारों व नौकरों का पुलिस वेरिफिकेशन करा लें। उन्होंने कहा कि वेरीफिकेशन करवाने से यह पता चल जाएगा कि किरायेदार अथवा नौकर किसी आपराधिक मामले का आरोपी यहां किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने वाला व्यक्ति तो नहीं है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिला के सभी व्यापारिक संस्थान, औद्योगिक संस्थान, फैक्ट्रियां, ढाबा व रेस्टोरेंट एवं व ठेकेदारों के पास जितने भी बाहरी राज्यों के कर्मचारी हैं, उनकी पुलिस वेरिफिकेशन करवा कर ही काम पर रखें । इसके अलावा सभी ग्राम पंचायत से भी अपील है कि गांव में रहने वाले बाहरी अथवा दूसरे राज्य से आकर रह रहे किरायेदारों का सत्यापन अवश्य करवाए तथा इसका रिकॉर्ड संबंधित थाना व चौकी में भी जमा करवाएं तथा जो लोकल लोग काम कर रहे हैं उनका आधार कार्ड भी मालिक के पास होना चाहिए। जिसने भी इस कार्य में लापरवाही बरती उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अपराध पर लगता है अंकुश :-
इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी ने कहा कि यह पुलिस रेग्यूलेशन में है। पुलिस विभाग में सत्यापन के लिए एक रजिस्टर है, जिसमें थाना क्षेत्र के नोकरों व किरायेदारों की तस्वीर के साथ उनका परिचय होता है। सत्यापन से अपराध पर भी अंकुश लगता है। सत्यापन नहीं कराने का परिणाम बड़ी-बड़ी घटनाओं के रूप में सामने आता है। जबकी वेरिफिकेशन होने उपरांत असल आरोपी पर शीघ्र ही शिकंजा कसने में कामयाबी मिलती है। पुलिस अधीक्षक ने साथ ही कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा वस्तु की सूचना तुरंत डायल 112 पर पुलिस को दे।











