रेवाड़ी, 23 नवंबर ब्यूरो चीफ दीपक तिवारी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में देशभर में किए जा रहे ‘सरदार @ 150 यूनिटी मार्च’ के तहत माई भारत युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार तथा जिला प्रशासन के तत्वावधान में राव तुलाराम स्टेडियम से लघु सचिवालय तक ‘पदयात्रा’ का भव्य आयोजन किया गया। पदयात्रा का उद्देश्य राष्ट्र की एकता, अखंडता और सेवा भावना को सुदृढ़ करना रहा। मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने शिरकत की। उनके साथ विशेष रूप से विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, विधायक डा. कृष्ण कुमार, विधायक अनिल यादव मौजूद रहे। डीसी अभिषेक मीणा ने कार्यक्रम में पधारने पर केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत व अभिवादन किया।केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने स्वतंत्र भारत की नींव को मजबूती देने का कार्य किया। उन्होंने 562 रियासतों को एक सूत्र में पिरो कर देश को एक सशक्त राष्ट्र के रूप में स्थापित किया। सरदार पटेल का जीवन इस बात का उदाहरण है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और सही दिशा में किए गए प्रयास किसी भी असंभव कार्य को संभव बना सकते हैं। हमेशा समाज में समानता, एकता और समरसता के मूल्यों को बढ़ावा दिया। उन्होंने कहा कि गुजरात में निर्मित विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी सरदार पटेल के अद्वितीय योगदान और उनके एकता संदेश का प्रतीक है। यह प्रतिमा हमें यह याद दिलाती है कि एक सशक्त भारत तभी संभव है जब हर नागरिक, हर क्षेत्र और हर समुदाय आपसी एकता की भावना से जुड़ा हो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सरदार पटेल के दिखाए मार्ग पर चलते हुए जम्मू कश्मीर से धारा 370 खत्म करके देश की एकता और अखंडता को और मजबूत करने का सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की शिक्षाएं आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं, जितनी स्वतंत्रता के समय थीं। हम सभी को उनके आदर्शों पर चलते हुए राष्ट्र को विकसित भारत के रूप में साकार करने में अपना योगदान देंगे।
राष्ट्रीय एकता और स्वदेशी अपनाने की दिलाई शपथ :
राव इंद्रजीत सिंह ने माई भारत युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार तथा जिला प्रशासन के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। वहीं कार्यक्रम में उपस्थित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों और नागरिकों को एक भारत आत्मनिर्भर भारत के तहत राष्ट्रीय एकता और स्वदेशी अपनाने की शपथ दिलवाई। इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने हाथों में तिरंगा लिए राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत करने का संदेश लेकर निकाली गई पदयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। राव तुलाराम स्टेडियम से शहर के विभिन्न चौक से होती हुई यह यूनिटी मार्च लघु सचिवालय के समीप स्थित शहीद स्मारक पर संपन्न हुई। पदयात्रा में शामिल विद्यार्थियों सहित समस्त नागरिकों के लिए जलपान की भी व्यवस्था की गई।
देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रमों ने भरा जोश –
कार्यक्रम में कलाकारों और विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों में जोश भरने का कार्य किया। लावण्या फाउंडेशन की और से अंजलि और अंजना ने देशभक्ति गीत की शानदार प्रस्तुति दी। वहीं राष्ट्रीय स्तर पर अपना लोहा मनवा चुकी विद्यार्थी धारना ने योग क्रियाओं का शानदार प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन कर चुके जिला के ललित और उनकी टीम ने हरियाणवी गीत पर नृत्य प्रस्तुत किया। छात्रा मनीषा और उनकी टीम ने भी देशभक्ति गीत से समा बांधने का कार्य किया। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने सभी कलाकारों को स्मृति चिन्ह देकर प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली, जिला परिषद चेयरमैन मनोज यादव, नगर परिषद चेयरपर्सन पूनम यादव, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रवीन शर्मा, एसडीएम सुरेश कुमार, डीडीपीओ एच.पी. बंसल, जिला परियोजना समन्यवक राजेन्द्र शर्मा, मेरा भारत के जिला युवा अधिकारी सुमित यादव, जिला खेल अधिकारी ममता, मंच संचालक सुधीर यादव और कोच चरण सिंह आदि मौजूद रहे।











