तहसील संवाददाता अजीत कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैरिया (बलिया)। मुरली छपरा ब्लाक क्षेत्र के अंतर्गत एनएच-31 पर गुरुवार को सड़क हादसे में एक बछड़ा गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद बछड़ा सड़क किनारे घंटों तड़पता रहा। उसकी सांस चल रही थी और मुंह से झाग निकल रहा था, लेकिन लंबे समय तक कोई मदद के लिए मौके पर नहीं पहुंचा। स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे की सूचना संबंधित विभाग को दी गई थी, फिर भी देर तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में खुलेआम मवेशियों को सड़कों पर छोड़ देने की वजह से आए दिन ऐसी घटनाएं हो रही हैं। उनका कहना है कि अगर समय पर गौशालाओं में इन पशुओं की देखरेख की जाए तो सड़क हादसों में कमी आ सकती है।
इस संबंध में मुरली छपरा के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. लालजी यादव ने बताया कि प्रारंभ में सूचना नहीं मिली थी। सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेजा गया और घायल बछड़े का इलाज कर उसे सुरक्षित स्थान पर रखवाया गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा पशुओं की नियमित देखरेख और सड़क सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाएं न हों।











