रेवाड़ी, 26 अक्टूबर चीफ ब्यूरो दीपक तिवारी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!स्वयंसेवी संस्था ग्रामीण भारत के अध्यक्ष वेदप्रकाश विद्रोही ने हरियाणा विधानसभा द्वारा गठित पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण कमेटी का रेवाडी जिले के साहबी नदी पर मसानी बैराज, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट व रामसिंहपुरा डपिंग यार्ड का दौरा करने का स्वागत करते हुए मांग की कि साहबी नदी मसानी बैराज को प्रदूषित पानी से बचाया जाये व धारूहेड़ा के प्रदूषण को कम करने व भिवाडी से धारूहेडा आ रहे रसायनयुक्त गंदले प्रदूषित पानी से धारूहेड़ा व आसपास के 20 गांवों के भू-जलस्तर को प्रदूषित होने से बचाने के ठोस कदम उठाये जाये।
विद्रोही ने कहा कि हरियाणा विधानसभा द्वारा गठित पर्यावरण एवं प्रदूषण नियंत्रण कमेटी के चेयरमैन भी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव है। विधानसभा की इस महत्वपूर्ण कमेटी के चेयरमैन के नाते रेवाडी के विधायक भी यदि धारूहेडा में भिवाडी से आ रहे रसायनयुक्त गंदले पानी व मसानी बैराज में डाला जा रहे सीवर के गंदले प्रदूषित पानी को रोकने में सफल नही होते तो उनका पर्यावरण सरंक्षण व प्रदूषण नियंत्रण कमेटी का चेयरमैन होना या न होना कोई मायने नही रखता। विद्रोही ने आरोप लगाया कि भाजपा राज आने के बाद मसानी बैराज सीवर के गंदले प्रदूषित पानी को एकत्रित करने का डैम बन गया, जिसके चलते डैम के गंदले पानी की सडांध से आसपास के गांवों का जीना तो दूभर हुआ है, साथ में लोगों को अनेक बीमारियों का सामना भी करना पड़ रहा है। मसानी बैराज में एकत्रित सीवर के गंदले प्रदूषित पानी से आसपास के कई गांवों का भू-जलस्तर इतना प्रदूषित हो गया कि यह पानी न तो पीने योग्य बचा है और न ही खेती की सिंचाई के लिए उपयुक्त है। विद्रोही ने कहा कि विगत 10-11 सालों से भिवाडी की फैक्ट्रियों का धारूहेडा में आ रहा रयासनयुक्त प्रदूषित पानी धारूहेडा कस्बे सहित आसपास के 20 गांवों के लिए जी का जंजाल बना हुआ है। इस रसायनयुक्त पानी से भू-जलस्तर इतना जहरीला हो चुका है कि लोगों के जीवन व खेतों में पैदा होने वाला अन्न, सब्जियां, आमजनों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। विगत 10 सालों में भाजपा सरकार न तो भिवाडी से धारूहेडा में आ रहे उद्योगों के गंदले रसायनसुक्त पानी को रोक पाई और न ही मसानी बैराज में सीवर का गंदा पानी डालने से रूका। विद्रोही ने कहा कि अब देखना यह है कि हरियाणा विधानसभा की पर्यावरण सरंक्षण व प्रदूषण नियंत्रक कमेटीे मसानी बैराज व धारूहेडा के गंदे प्रदूषित पानी का समाधान कर पाती है या नही या उसकी इस बारे में रेवाडी में बैठक व दौरा मात्र एक खानापूर्ति बनकर रह जाता है।











