November 2, 2026 8:54 pm

आजादी के बाद पहली बार हरिजन बस्ती तक पहुँचा पक्का सड़क मार्ग, शिक्षक ने पिता की स्मृति में दी जमीन।

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

तहसील संवाददाता अजीत कुमार सिंह

बैरिया (बलिया)। आजादी के बाद से अब तक सड़क की बाट जोह रही शिवपुर कर्णछपरा गांव की हरिजन बस्ती में अब पक्की सड़क का सपना साकार हो गया है। समाज के एक शिक्षक ने अपने पिता की स्मृति में पांच कट्ठा जमीन दान देकर वह काम कर दिखाया, जो दशकों से शासन-प्रशासन नहीं कर पाया था। शुक्रवार को राज्यसभा सांसद नीरज शेखर ने इस नवनिर्मित सड़क का उद्घाटन किया।

ग्राम पंचायत शिवपुर कर्णछपरा के पश्चिमी छोर पर स्थित भरत बाबा स्थान से हरिजन बस्ती तक 10 लाख की लागत से करीब 300 मीटर लंबा व 3 मीटर चौड़ा सड़क मार्ग तैयार किया गया है। इस नेक कार्य की शुरुआत गांव के पूर्व प्रवक्ता स्व. जवाहर सिंह की स्मृति में उनके पुत्र, शिक्षक राजेश सिंह द्वारा पांच कट्ठा भूमि दान किए जाने से हुई। इस पहल को ग्राम प्रधान प्रतिनिधि हरीजी सिंह का सक्रिय सहयोग मिला, जिसके बाद ग्राम पंचायत के माध्यम से इस सड़क का निर्माण कराया गया।

सड़क का उद्घाटन करते हुए सांसद नीरज शेखर ने केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की चर्चा करते हुए कहा कि आज भारत तेजी से विकासशील राष्ट्र बन चुका है। उन्होंने बताया कि हाल ही में हुए वैश्विक वायुसेना सर्वेक्षण में भारत ने चीन को पीछे छोड़ते हुए तीसरा स्थान हासिल किया है।

उद्घाटन अवसर पर पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह ने भी उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की सराहना की। कार्यक्रम की शुरुआत सुंदरकांड पाठ और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुई, जिसने पूरे माहौल को भक्तिमय और उत्सवमय बना दिया।

इस मौके पर पंचायत भवन पर नव निर्मित कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) का भी सांसद द्वारा उद्घाटन किया गया।

कार्यक्रम में सोनिका सिंह व उनके पति हरीजी सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उद्घाटन समारोह में विनोद सिंह, ताड़केश्वर गोंड, मंटू गोंड, विजय बहादुर सिंह, संजय सिंह, सतेंद्र सिंह, गोपाल जी यादव, अनीश सिंह चंदेल सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें