Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रेवाड़ी, 8 जुलाई जिला रिपोर्टर दीपक तिवारी
श्रावण मास में कांवड़ यात्रा के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा व आवश्यक जानकारी एकत्रित करने के लिए पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने सभी थाना प्रभारी व चौकी इंचार्जों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं।
एसपी ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि कांवड़/डाक कांवड़ लेने जाने से पूर्व सभी श्रद्धालु अपने संबधित थाना में अपनी एक आईडी की फोटोकॉपी के साथ गांव का नाम, जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या व उनकी आईडी, मोबाइल नंबर, वाहन नंबर, वाहन के मालिक का नाम व मोबाइल नंबर उपलब्ध करवाने के उपरांत ही यात्रा पर जाएं, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान अगर किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न होती है तो संबंधित प्रदेश की पुलिस से समन्वय स्थापित कर समय रहते समाधान किया जा सके। पुलिस का प्रयास है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना ना करना पड़े। श्रावण माह के शुरुआत से ही 11 जुलाई से श्रद्धालु हरिद्वार (उत्तराखंड) से कांवड़ लेकर अपने गंतव्य की तरफ प्रस्थान करेंगे।
हरियाणा के विभिन्न जिलों के अतिरिक्त राजस्थान से भी कांवड़िए जिला रेवाड़ी के रास्ते अपने गंतव्य पर पहुंचते हैं। कांवड़ यात्रा के सफल आयोजन व कांवडिय़ों की सुरक्षा को लेकर जिला पुलिस की ओर से समय रहते सुरक्षा के सभी पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। उन सभी मार्गों पर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाने के साथ ही मुख्य चौक-चौराहों पर बैरिकेडिंग करवाई जाएगी। इसके अलावा पीसीआर, राइडर दिन-रात्रि 24 घंटे के लिए तैनात की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में कांवड़ यात्रा के मद्देनजर पुलिस विभाग अलर्ट है। कांवड़ यात्रा में किसी प्रकार का कोई हथियार, नुकीले भाले इत्यादी लेकर चलने पर पूरी तरह से पाबंदी रहेगी।











