Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रेवाड़ी, 22 जून रिपोर्टर दीपक तिवारी
सरकार की ओर से वर्कप्लेस पर अनुकूल माहौल बनाने और कर्मचारियों को तनावमुक्त रहकर कार्यक्षमता बढ़ाने में मदद करने के उद्देश्य से अब रोजाना कार्यस्थल पर वाई-ब्रेक देने का निर्णय लिया गया है। वाई-ब्रेक यानी योग के लिए ब्रेक। यह ब्रेक कार्य दिवस में पांच मिनट के लिए होगा।
डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि इस वाई-ब्रेक में कर्मचारियों को कुछ ऐसी क्रियाएं और योग के आसन करने होंगे, जिससे वह तनाव से मुक्त होकर और बेहतर तरीके से काम कर सकें। वाई-ब्रेक पांच मिनट का होगा। वाई-ब्रेक में शरीर को राहत के लिए आंखों, कंधों, कमर और अन्य अंगों के लिए क्रियाएं कराई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि हरियाणा योग आयोग की ओर से जिला सचिवालय में स्थित कार्यालयों में सभी अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए प्रतिदिन 5 मिनट का ‘वाई-ब्रेक’ सत्र का आयोजन करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
इस लघु योगाभ्यास की अनुशंसा आयुष मंत्रालय द्वारा की गई है, जिससे शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने, एकाग्रता बढ़ाने और काम के दौरान तनाव व थकान को कम करने में मदद मिलती है। इसका उद्देश्य भारत सरकार और हरियाणा सरकार के दृष्टिकोण के अनुरूप योग का हमारे दैनिक जीवन और कार्य संस्कृति का हिस्सा बनाना है।











