रेवाड़ी, 13 जून रिपोर्टर दीपक तिवारी
15 जून को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रेवाड़ी के राव तुलाराम स्टेडियम में धन्यवाद रैली- उद्घाटन एवं शिलान्यास समारोह को संबोधित करने आ रहे हैं। इस समारोह में मुख्यमंत्री रेवाड़ी को करीब 250 करोड़ से अधिक विकास योजनाओं की सौगात देंगे।
विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने यहां आयोजित पत्रकारवार्ता में जिलावासियों को रैली का निमंत्रण देते हुए कहा कि यह रैली रेवाड़ी के इतिहास में मील का पत्थर साबित होगी। इस रैली में मुख्य रूप से केन्द्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव, राजस्थान के अलवर से विधायक बाबा बालकनाथ व स्थानीय विधायकों के अलावा प्रदेश स्तरीय अनेक बड़े नेता शामिल होंगे।
उन्होंने कहा की रैली के दौरान मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र की अनेक बड़ी मांगों को भी प्रमुखता के साथ रखा जाएगा तथा उनकी घोषणा भी मुख्यमंत्री से कराने का प्रयास किया जाएगा। रैली की तैयारी को लेकर वह पिछले करीब एक माह से लगातार ग्रामीण दौरे कर रहे हैं। मुख्यमंत्री की रैली को लेकर क्षेत्र की जनता में भारी उत्साह बना हुआ है। वहीं प्रशासन की ओर से भी समारोह को लेकर पूरी तैयारियां कर ली गई हैं। व्यवस्थापूर्ण तरीके से समारोह में आने वाले लोगों को आमंत्रित भी किया गया है।











