रेवाड़ी 22 मई रिपोर्टर दीपक तिवारी
धारूहेड़ा नगर पालिका चेयरमैन कंवर सिंह ने कहा कि भारतीय सेना ने आतंकी हमले के बाद ऑपरेशन सिन्दूर के तहत पाकिस्तान व पीओके में आतंकी ठिकानों को सटीक निशाने के साथ ध्वस्त करके जो शौर्य दिखाया, उसके सम्मान में भाजपा द्वारा भारतीय सेना के अदम्य साहस, बलिदान और पराक्रम को नमन करने के लिए तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। धारूहेड़ा में यह यात्रा नगर पालिका से शुरू होकर शहीद भगत सिंह चौक पर माल्यार्पण कर संपन्न हुई। तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा शहर भारत माता की जय, वीर सैनिकों की जय के नारों के साथ देशभक्ति के जोश से सराबोर रहा। भारी संख्या में नागरिक, सामाजिक संगठन, पूर्व सैनिक इस तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। सेना के अजेय पराक्रम को सलाम किया और संकल्प लिया कि जिस प्रकार सीमा पर खड़े होकर हमारे सैनिक हमारी व हमारे देश की रक्षा कर रहे हैं, हम भी उसी प्रकार देश को आगे बढ़ाने में अपना योगदान देंगे।
चेयरमैन ने कहा कि आज हमारी सेना का जोश, जज्बा उच्च स्तर पर पहुंच चुका है। तकनीकी व मानसिक तौर पर मजबूत भारतीय सेना ने पाकिस्तान की धरती से आतंकवाद को बढ़ावा देने के लिए जो घिनौना कृत्य पहलगांव में किया गया था, उसके जवाब में भारतीय सेना के प्रहार से पाकिस्तान थर्राने पर विवश हो गया। भारतीय सेना के जवानों ने ऑपरेशन सिन्दूर के तहत पाकिस्तान के घर में घुसकर आतंकवाद व आतंकियों को तबाह करने का काम किया।
इस अवसर पर रामपाल यादव किसान मोर्चा के अध्यक्ष अशोक कोसलिया, मनोज सैनी, बीजेपी मंडल अध्यक्ष अजित कोसलिया, नानक यादव सहित अन्य गणमान्य लोग भी शामिल रहे।











