November 2, 2026 10:31 pm

*मऊगंज में 35 फीट के संकरे कुएं में गिरा बुजुर्ग. रस्सी के सहारे कुएं में उतरा जवान और बचाई बुजुर्ग की जान.*

रिपोर्टर आशीष कुमार मिश्रा

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

मऊगंज: मऊगंज जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र स्थित खटखरी गांव में शुक्रवार की सुबह बड़ी अनहोनी हो गई. यहां पर रहने वाले 75 वर्षीय एक वृद्ध अपने ही खेत में बने एक सूखे और सकरे कुंए में गिर गए. घटना की सूचना परिजन को हुई तो गांव में हड़कंप मच गया. तत्काल पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पुलिस की टीम पहुंची जिसके बाद बचाव कार्य शुरू किया गया मगर वह असफल रहे. कुछ देर बाद तत्काल SDERF की टीम भी पहुंच गई. बचाव दल ने हर संभव प्रयास किया मगर कुएं में मौजूद मीथेन गैस के होने के चलते वह भी असफल रहे. 7 घंटे की कड़ी मशक्क्त के बाद रेस्क्यू करते हुए खाखी में तैनात एक जाबाज सिपाही 35 फीट नीचे कुएं में उतरा और वृद्ध को सकुशल बाहर निकाल लाया.

 

*कुएं मे गिरा 75 वर्षीय बुजुर्ग, 7 घंटे तक चला रेस्क्यू*

 

दरअसल, यह घटनाक्रम मऊगंज जिले के शाहपुर थाना अंतर्गत खटखरी गांव का है. यहां पर रहने वाले 75 वर्षीय रामगोपाल कुशवाहा शुक्रवार की सुबह अपने घर से खेत की तरफ जाने के लिए निकले थे. काफी समय बीत जाने के बाद जब वह वापस घर नहीं लौटे तो परिजन ने उनकी खोजबीन शुरू कर दी. बुजुर्ग की तलाश कर रहे परिजन खेत में स्थित कुएं के पास पहुंचे तो उन्हें कुएं से किसी व्यक्ति की आवाज सुनाई दी. परिजन ने जब उस आवाज को गौर से सुना तो वह आवाज 75 वर्षीय रामगोपाल कुशवाहा की थी, जो खुद की जान बचाने के लिए कुएं के अंदर से गुहार लगा रहे थे.

 

 

*जहरीली गैस ने रोका रेस्क्यू टीम का रास्ता*

 

35 फीट गहरे और सकरे कुंए मे गिरे 75 वर्षीय बुजुर्ग रामगोपाल कुशवाहा को परिजन ने बाहर निकालने का काफी प्रयास किया, मगर वह असफल रहे. उन्होंने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी. पुलिस और SDERF की टीम ने काफी मशक्कत की, मगर कुएं के अंदर मौजूद भारी मात्रा में मीथेन गैस ने रेस्क्यू टीम का रास्ता रोक लिया. सूचना पाकर मौके पर कलेक्टर संजय जैन, एसपी दिलीप सोनी, एडिशनल एसपी विक्रम सिंह सहित डॉक्टरों की टीम मौके पर पहुंची. मेडिकल टीम ने कुएं में ऑक्सीजन की सप्लाई दीं और बुजुर्ग को बाहर निकालने के लिए हर संभव प्रयास किया. लेकिन कई घंटे बीत जाने के बाद भी सफलता हाथ नहीं लगी.

 

*जबाज पुलिस कांस्टेबल ने दिखाया साहस, बचाई जान*

 

 

बचाव दल के द्वारा जेसीबी मशीन के माध्यम से कुंए के समीप ही एक वैकल्पिक सुरंग बनाने का कार्य शुरू किया गया. इस दौरान घटना स्थल पर उपस्थित मऊगंज एडिशनल एसपी के गनमैन कांस्टेबल दीपक रावत ने बहादुरी का परिचय दिया और साहस दिखाते हुए वह सूझबूझ के साथ 35 फीट गहरे कुंए मे उतरा और रात तकरीबन 10 बजे 75 वर्षीय बुजुर्ग को मौत के मुंह से सुरक्षित बाहर ले आया. जिसके बाद बचाव दल प्रशासनिक टीम ने राहत की सांस ली. रेस्क्यू के बाद 75 वर्षीय रामगोपाल कुशवाहा की हालात स्थिर बताई गई है.

 

बोरवेल से बाहर निकला सुमित, अस्पताल में सांसों के लिए जद्दोजहद जारी

 

1 साल से मानसिक विक्षिप्त थे रामगोपाल

 

मऊगंज कलेक्टर संजय जैन ने बताया कि, ”75 वर्षीय रामगोपल कुशवाहा को तकरीबन 7 तक चले रेस्क्यू के बाद पुलिस के एक जवान दीपक रावत ने सुरक्षित बाहर निकाला है. रामगोपाल के परिजन ने ही खेत में सकरा कुआं खुदवाया था, बाद में उसे ढक दिया गया था. रामगोपल सुबह घर से खेत की तरफ आए थे उन्होनें अपने कपड़े उतारे और लकड़ी से ढके कुएं की लड़की हटाई और फिर कूद गए. रेस्क्यू के दौरान टीम के द्वारा कुएं के भीतर रस्सी डाली गई थी.” कलेक्टर ने बताया कि, ”रामगोपल पिछले एक साल से मानसिक विक्षिप्त है. शायद इसी के चलते उन्होंने रस्सी को नहीं पकड़ा. उनकी हालत ठीक है फिलहाल इलाज के लिए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.”

 

रेस्क्यू के दौरान सांस लेने में हो रही थी दिक्कत

 

पुलिस के जवान दीपक रावत ने बताया कि, ”बुजुर्ग को कुएं में गिरे काफी समय बीत चुका था. कुएं के अंदर जहरीली गैस होने के कारण रेस्क्यू टीम को दिक्कत हो रही थी. रात तकरीबन 10 बजे उन्होंने कुएं में उतरकर बुजुर्ग की जान बचाने के लिए अधिकारियों से कहा. जब वह कुएं में नीचे उतरे तो सांस लेने ने काफी दिक्कत हुई मगर कड़ी मशक्कत के बाद वह कुएं के अंदर जाकर बुजुर्ग को रस्सी से बांधने मे कामयाब हो गए. जिसके बाद बुजुर्ग को वह बाहर निकाल लाए.” पुलिस जवान ने बताया कि, ”पहली बार ही उन्होंने किसी का इस तरह से रेस्क्यू किया और सफल हो गए.” दीपक रावत की बहादुरी के चर्चे हर जुबान पर हैं उनके अधिकारी भी अब उनकी तारीफ कर रहे हैं.

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें