निलेश वर्मा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!वाराणसी। पुलिस कमिश्नर द्वारा अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिगरा थाना पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस टीम ने हत्या के प्रयास मामले में पिछले 6 महीने से फरार चल रहे 25,000 रुपये के इनामी मुख्य अभियुक्त शिवा सिंह उर्फ शिवम सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी काशी जोन के पुलिस उपायुक्त के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज व प्रभारी निरीक्षक सिगरा के कुशल नेतृत्व में की गई है।
लखनऊ से हुई इनामी अभियुक्त की गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, सिगरा पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर मु.अ.सं.- 0165/2026 की धारा 109(1)/3(5) BNS और 7 आपराधिक कानून संशोधन अधिनियम से संबंधित मुख्य आरोपी शिवा सिंह (20 वर्ष) को 1 नवंबर 2026 को प्रेम शिवकली लॉन, गंगानगर अमौसी, लखनऊ से धर दबोचा। आरोपी मूल रूप से गंगानगर, थाना सरोजनी नगर, जनपद लखनऊ का निवासी है। पुलिस फिलहाल उसके खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
कार से आए बदमाशों ने की थी फायरिंग
इस मामले की घटना 4 मई 2026 की है, जब पीड़ित अपने घर के बाहर खड़ा था। उसी दौरान अचानक एक सिल्वर/सफेद रंग की ऑल्टो कार से कुछ अज्ञात बदमाश आए, जो पहले से घात लगाकर बैठे थे। कार से उतरकर एक व्यक्ति ने पीड़ित पर जानलेवा फायरिंग की और गाली-गलौज की। इस शिकायत पर सिगरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले के एक अन्य आरोपी श्रोत श्रीवास्तव (जौनपुर निवासी) को पुलिस ने घटना के दो दिन बाद यानी 6 मई 2026 को ही सिगरा थाना प्रांगण से गिरफ्तार कर लिया था।
सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम
इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र, नगर निगम चौकी प्रभारी उप-निरीक्षक शिवम, महिला उप-निरीक्षक डॉली साहू, हेड कांस्टेबल जितेन्द्र सिंह और कांस्टेबल मृत्युंजय सिंह शामिल रहे।










