November 2, 2026 5:48 pm

बलिया: अठगांवा बंधे के पास पानी में मिला 47 वर्षीय व्यक्ति का शव, इलाके में मची हलचल

नित्यानन्द सिंह

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

बलिया। बैरिया थाना क्षेत्र के अठगांवा बंधे के समीप शनिवार को पानी में एक 47 वर्षीय व्यक्ति का शव उतराता मिलने से इलाके में हलचल मच गई। बंधे के पास पानी में शव दिखाई देने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर जयप्रकाश नगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पानी से बाहर निकलवाया।

मृतक की पहचान संजीत सिंह (47) पुत्र सुखदेव सिंह निवासी गरीब टोला, सिताबदियारा, थाना रिविलगंज, जिला छपरा (बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव की पहचान होने के बाद मृतक के परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि व्यक्ति की मौत पानी में डूबने से हुई होगी। हालांकि, मौत किन परिस्थितियों में हुई और वह अठगांवा बंधे के समीप कैसे पहुंचा, इसको लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जानकारी जुटा रही है।

जयप्रकाश नगर चौकी प्रभारी ऋषिकेश गुप्ता ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय बलिया भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य आवश्यक जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें