Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

तीनों आरोपी घायल, पिस्टल, रिवॉल्वर, कारतूस और बिना नंबर की स्कूटी बरामद
| वाराणसी ब्यूरो
वाराणसी।लंका थाना क्षेत्र में पुलिस टीम पर फायरिंग कर आरक्षी अमित शुक्ला को गोली मारने वाले तीन असलहा तस्करों को वाराणसी पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीनों आरोपी घायल हो गए। उनके कब्जे से एक देशी पिस्टल .32 बोर, एक अवैध रिवॉल्वर, छह खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की स्कूटी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 30 अक्टूबर की रात करीब 8:30 बजे असलहा तस्कर बृज इन्क्लेव अपार्टमेंट के पास हथियार बेचने पहुंचे थे। इसी दौरान लंका पुलिस टीम वहां पहुंच गई। आरोप है कि पकड़े जाने के डर से बदमाशों ने पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला करते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें आरक्षी अमित कुमार शुक्ला घायल हो गए। घटना के बाद तीनों आरोपी स्कूटी से फरार हो गए।
पुलिस ने पीछा कर लौटूवीर अंडरपास के पास मुठभेड़ में आरोपी राज विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया। वहीं, 31 अक्टूबर को फरार अंजनी नंदन झा और राजू तिवारी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, सामनेघाट की झाड़ियों से हथियार बरामद कराने के दौरान दोनों आरोपियों ने दोबारा फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई मुठभेड़ में वे घायल हो गए।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राज विश्वकर्मा निवासी वाराणसी, अंजनी नंदन झा निवासी भेलूपुर वाराणसी और राजू तिवारी निवासी गोपालगंज, बिहार के रूप में हुई है। पुलिस ने तीन मोबाइल फोन, एक आईफोन और 625 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।तीनों घायलों को उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है। लंका थाने में बीएनएस की धारा 109(1) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 3/25/27 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।










