जिला ब्यूरो चीफ अमित कुमार पाण्डेय बक्सर/डुमरांव। त्योहारों के मौसम में रेलवे टिकटों की कालाबाजारी और अवैध दलाली पर रोक लगाने के लिए रेलवे सुरक्षा बल द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार, 11 अक्टूबर 2026 को ऑपरेशन ‘उपलब्ध’ के तहत रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट बक्सर की टीम ने डुमरांव रेलवे आरक्षण केंद्र पर छापेमारी कर एक कथित टिकट दलाल को गिरफ्तार किया। रेलवे सुरक्षा बल के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर तत्काल टिकट बुकिंग के दौरान निगरानी की गई। इस दौरान आरक्षित रेलवे टिकटों की अवैध खरीद-बिक्री और अधिक कीमत पर बेचकर अनुचित आर्थिक लाभ कमाने के प्रयास का मामला सामने आया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान बासुकीनाथ राय (26 वर्ष), पिता कुलेश राय, निवासी टेक्सटाइल कॉलोनी, वार्ड संख्या-02, थाना डुमरांव, जिला बक्सर के रूप में हुई है। कार्रवाई के दौरान स्लीपर तत्काल श्रेणी के दो आरक्षित काउंटर टिकट बरामद किए गए, जिनका कुल मूल्य 7,600 रुपये बताया गया है। इसके अलावा एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और रेलवे आरक्षण के दो मांग-पत्र भी जब्त किए गए। रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट बक्सर में आरोपी के विरुद्ध रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी दल में उप निरीक्षक विजेंद्र मुवाल, विष्णु शंकर ओझा, आरक्षी सोना लाल यादव, राहुल यादव और सीआईबी दानापुर के आरक्षी न्यूटन कुमार शामिल थे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!











