संपादक नीलेश वर्मा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बलिया: जिले के दोकटी थाना क्षेत्र अंतर्गत दलन छपरा गांव में शनिवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कबड्डी खेल रहे एक 22 वर्षीय युवक पर दबंगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पीठ में गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद मौके पर भगदड़ मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
कबड्डी खेलते वक्त अचानक हुई वारदात
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 15 अगस्त की शाम करीब 5:30 बजे दोकटी पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि रामपुर वाजिदपुर (दलन छपरा) निवासी सोनू यादव (22 वर्ष), पिता विनोद यादव पर जानलेवा हमला हुआ है। सोनू गांव के अन्य युवकों के साथ मैदान में कबड्डी खेल रहा था, तभी कुछ लोगों ने उस पर फायर झोंक दिया। गोली उसके पिछले हिस्से में जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।
गांव के ही लोगों पर पुरानी रंजिश का आरोप
अस्पताल में शुरुआती पूछताछ के दौरान पीड़ित सोनू यादव ने अपने ही गांव के कुछ लोगों पर रंजिश के तहत हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि पुरानी दुश्मनी समेत तमाम अन्य बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की सघन जांच की जा रही है।
मुकदमा दर्ज, कई संदिग्ध हिरासत में
पीड़ित परिवार की ओर से मिली लिखित तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की और घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। परिजनों की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है व कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है। मौके पर पूरी तरह शांति कायम है।”संजय वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी)
घटना के बाद किसी भी संभावित तनाव को रोकने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।











