Editor in chief/ Nilesh Verma
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!शिनाख्त नहीं होने से रहस्य बरकरार, मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद चलेगा
बैरिया (बलिया)। जयप्रकाश नगर चौकी क्षेत्र के पूर्वी भवन टोला स्थित ठोकर के पास शनिवार की शाम करीब छह बजे गंगा नदी में बहकर आया एक अज्ञात महिला का शव किनारे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला लाल साड़ी पहने हुई थी। शव मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने नदी किनारे शव पड़े होने की जानकारी पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही जयप्रकाश नगर चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया। काफी प्रयास के बावजूद देर शाम तक महिला की पहचान नहीं हो सकी।
पुलिस के अनुसार, महिला के दाहिने पैर के निचले हिस्से को जंगली जानवरों द्वारा नोचे जाने के निशान मिले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि शव कुछ समय तक नदी में बहने के बाद किनारे पहुंचा होगा। हालांकि, महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव नदी में कहां से बहकर आया, इसकी स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है।
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बलिया भेज दिया। शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है। पुलिस आसपास के थानों से संपर्क कर अज्ञात महिला के शव की पहचान कराने में जुटी है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और महिला की पहचान होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
क्षेत्राधिकारी से संपर्क का प्रयास, फोन रिसीव नहीं
मामले को लेकर बैरिया क्षेत्राधिकारी आलोक कुमार गुप्ता से उनका पक्ष जानने के लिए सीयूजी नंबर 9454401310 पर दो-तीन बार फोन किया गया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। ऐसे में अज्ञात महिला के शव मिलने जैसे गंभीर मामले में अधिकारी से तत्काल प्रतिक्रिया नहीं मिल पाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।











