संपादक नीलेश वर्मा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बलिया। रेवती थाना क्षेत्र के गोपाल नगर में सरयू नदी का कटान लगातार तेज होता जा रहा है। कटान की चपेट में आने से गोपाल नगर, वशिष्ठ नगर, मानगढ़ और सिविल मठिया सहित चार गांवों पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। इसी बीच कटान प्रभावित क्षेत्र में खनन माफियाओं द्वारा दिनदहाड़े लोडर और ट्रैक्टर लगाकर अवैध खनन किए जाने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सुरेमनपुर चौकी क्षेत्र के अंतर्गत रामबालक बाबा पुल के पास नदी किनारे लगातार अवैध खनन किया जा रहा है, जिससे सरयू नदी का कटान और तेज हो गया है। यदि समय रहते इसे नहीं रोका गया तो रामबालक बाबा पुल के क्षतिग्रस्त होने का खतरा बढ़ जाएगा। यह पुल गोपाल नगर, वशिष्ठ नगर, मानगढ़ और सिविल मठिया सहित चार गांवों का प्रमुख संपर्क मार्ग है, जिससे प्रतिदिन लगभग 10 हजार लोगों का आवागमन होता है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि अवैध खनन पर तत्काल रोक नहीं लगी और कटान रोकने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो 1 अगस्त से तहसील परिसर में “गांव बचाओ अभियान” के तहत आंदोलन शुरू किया जाएगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से खनन माफियाओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने, सरयू नदी के कटान पर तत्काल नियंत्रण करने तथा रामबालक बाबा पुल और आसपास के गांवों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।











