November 2, 2026 10:33 pm

बलिया समाचार: पुलिस मुठभेड़ में गौवध से जुड़े दो आरोपी गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

नीलेश वर्मा, संपादक | PNP NEWS

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

 

बलिया। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बांसडीह रोड थाना पुलिस ने रविवार तड़के पुलिस मुठभेड़ के दौरान गौवध से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 

पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह करीब 2:35 बजे बांसडीहरोड तिराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति छाता गांव से एक गौवंश को चोरी-छिपे बांसडीहरोड की ओर ले जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान एक आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में कयामुद्दीन उर्फ राजू (28) पुत्र निजामुद्दीन, निवासी इस्लामाबाद काजीपुरा, थाना कोतवाली, जनपद बलिया के दाहिने पैर में गोली लग गई।

 

घायल आरोपी को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया। उसके कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस तथा एक जिंदा कारतूस बरामद होने का दावा पुलिस ने किया है।

 

वहीं दूसरे आरोपी दीपक अंसारी (40) पुत्र नसरूद्दीन, निवासी अहमदपट्टी, थाना रसड़ा, जनपद बलिया को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से एक अवैध चाकू बरामद हुआ है।

 

पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी गौवंश को वध के उद्देश्य से ले जा रहे थे। इस संबंध में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि घायल आरोपी की सुरक्षा के बीच अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है तथा दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें