रिपोर्टर योगेश यादव पीएनपी न्यूज
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने NEET और CBSE से जुड़े मुद्दों, परीक्षा प्रणाली में कथित अनियमितताओं तथा छात्रों के समर्थन में शनिवार, 25 जुलाई को देशभर के सभी जिलों में कैंडल मार्च और सत्याग्रह आयोजित करने का ऐलान किया है। कांग्रेस संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने सभी प्रदेश कांग्रेस समितियों को सर्कुलर जारी कर जिला इकाइयों को इस कार्यक्रम के सफल आयोजन के निर्देश दिए हैं।
जारी निर्देश के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के मार्गदर्शन में प्रत्येक जिला कांग्रेस समिति अपने क्षेत्र में विशाल कैंडल मार्च निकालेगी। यह मार्च महात्मा गांधी या डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तक जाएगा, जहां सत्याग्रह के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा। पार्टी ने सभी कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में शामिल होकर छात्रों और युवाओं के प्रति एकजुटता प्रदर्शित करने की अपील की है।
कांग्रेस का कहना है कि हाल के समय में परीक्षा प्रणाली से जुड़े विवादों और अनियमितताओं ने लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है। ऐसे में पार्टी छात्रों के अधिकारों की रक्षा और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर देशव्यापी आंदोलन चला रही है। कांग्रेस ने परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता बहाल करने और जिम्मेदारी तय करने की मांग करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तत्काल इस्तीफे की मांग भी दोहराई है।
एआईसीसी ने प्रदेश, जिला और ब्लॉक कांग्रेस समितियों के अलावा पार्टी के सभी प्रकोष्ठों, विभागों और सहयोगी संगठनों को इस अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही छात्रों, युवाओं, अभिभावकों, शिक्षकों और नागरिक समाज के प्रतिनिधियों से भी अधिक से अधिक संख्या में कैंडल मार्च और सत्याग्रह में शामिल होने की अपील की गई है।
कांग्रेस का कहना है कि यह आंदोलन केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के छात्रों के भविष्य, शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली की मांग को लेकर एक जनआंदोलन है। पार्टी का दावा है कि देशभर में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों की आवाज़ को मजबूती से उठाया जाएगा और सरकार पर शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए दबाव बनाया जाएगा।











