November 2, 2026 11:33 pm

Madhya Pradesh news: नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0″ अभियान का भव्य शुभारंभ – नशे के खिलाफ आगर मालवा में जनआंदोलन की शुरुआत, प्रशासन और पुलिस ने मिलकर दिया जागरूकता का संदेश

नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0″ अभियान का शुभारंभ, युवाओं को नशामुक्त जीवन अपनाने का आह्वान

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

पीएनपी न्यूज़ /रिपोर्ट अब्दुल शफीक खान

 

पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” जनजागरूकता अभियान का शुभारंभ आज जिला पुलिस आगर मालवा द्वारा थाना कोतवाली, आगर परिसर में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के पूजन एवं वंदना के साथ हुआ।

कार्यक्रम में कलेक्टर प्रीति यादव एवं पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इनके साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविंद्र कुमार बोयट, एसडीएम मिलिंद ढोके, एसडीओपी आगर मोतीलाल कुशवाहा, तहसीलदार विजय सेनानी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी खुशाल सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी नितेश पांडे, नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी, जिले के सम्माननीय पत्रकारगण, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी तथा संदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय, आगर के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षा विभाग के रजनीश स्वर्णकार द्वारा किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं बल्कि पूरे परिवार एवं समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने बताया कि नशे की लत व्यक्ति की शारीरिक, मानसिक एवं आर्थिक स्थिति को कमजोर कर देती है, जिससे अपराधों में वृद्धि होती है और सामाजिक ताना-बाना प्रभावित होता है। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा, खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने की अपील की तथा सभी नागरिकों से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आग्रह किया।

इसके पश्चात कलेक्टर प्रीति यादव ने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल प्रशासन या पुलिस के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, सकारात्मक सोच एवं स्वस्थ आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया तथा प्रशासन द्वारा संचालित जागरूकता, परामर्श एवं पुनर्वास प्रयासों की जानकारी दी। अंत में उन्होंने उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर कलेक्टर प्रीति यादव एवं पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने संयुक्त रूप से “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” जन जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शुभारंभ के पश्चात यह रथ थाना कोतवाली से छावनी होते हुए कंपनी गार्डन तक पहुँचा, जहां रैली का समापन हुआ। इसके उपरांत यह जन जागरूकता रथ 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक जिले के समस्त नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर आमजन को नशे के दुष्प्रभावों, नशामुक्त जीवन के महत्व तथा अभियान के उद्देश्यों के प्रति जागरूक करेगा। जन जागरूकता रथ के साथ विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं पुलिस बल द्वारा एक विशाल जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसमें हाथों में जागरूकता संदेशों से युक्त तख्तियां एवं बैनर लेकर नागरिकों को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।

 

जिला पुलिस आगर मालवा द्वारा यह अभियान 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों, रैलियों, व्याख्यानों, प्रतियोगिताओं, सोशल मीडिया अभियान एवं सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से जिलेभर में संचालित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इस जनआंदोलन से जुड़कर “जिंदगी को हाँ, नशे को ना” का संदेश जन-जन तक पहुंचा सकें।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें