रिपोर्टर योगेश यादव | पीएनपी न्यूज महाराष्ट्र
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मुंबई के साकिनाका इलाके में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग की खुले मैनहोल में गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान यादव नगर निवासी असलम इसाक शेख के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, खैरानी रोड पर संमान होटल और एस.जे. स्टूडियो के पास ड्रेनेज सिस्टम की मरम्मत का कार्य चल रहा था। इस दौरान एक निजी ठेकेदार के कर्मचारी मैनहोल का ढक्कन हटाकर काम कर रहे थे। इसी बीच असलम शेख पैदल वहां से गुजर रहे थे। बताया जा रहा है कि वह मोबाइल फोन पर बात कर रहे थे, जिससे उनका ध्यान खुले मैनहोल की ओर नहीं गया और संतुलन बिगड़ने से वह सीधे उसके अंदर गिर गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कर्मचारियों ने तुरंत उन्हें बचाने की कोशिश की और मैनहोल में सीढ़ी भी उतारी, लेकिन तेज पानी के बहाव के कारण वह देखते ही देखते बह गए। मौके से केवल उनका छाता और चप्पल ही बरामद हो सके।
घटना की सूचना मिलते ही साकिनाका पुलिस और मुंबई फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। काफी देर तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद रेस्क्यू टीम ने सीवर लाइन से असलम शेख का शव बाहर निकाला।
इस हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए मैनहोल खुला छोड़ने के मामले में बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही संबंधित ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही गई है। मुंबई की मेयर ने मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की है।











