November 2, 2026 10:46 pm

Madhya pradesh आगर-मालवा:मौसमी बीमारियों से निपटने के लिए अस्पतालों में पुख्ता इंतजाम रखें – कलेक्टर श्रीमती यादव

वर्षाकाल में लक्ष्य अनुरूप वृहद स्तर पर पौधारोपण एवं मियावाकी पद्धति को दें बढ़ावा नवीन पदस्थापना वाले अधिकारी सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर तत्काल प्रोफाइल अद्यतन करें

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रिपोर्ट अब्दुल शफीक खान/  पीएनपी न्यूज़

आगर-मालवा, । कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव ने सोमवार को आयोजित समय-सीमा पत्रों (टीएल) की समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत बी.एस. सोलंकी, अपर कलेक्टर आर.पी. वर्मा, एसडीएम सुसनेर किरण बरबड़े, डिप्टी कलेक्टर कमल मंडलोई सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में कलेक्टर ने वर्षाकाल को दृष्टिगत रखते हुए वेक्टर जनित एवं मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डेंगू, मलेरिया आदि मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित किया जाए तथा सभी शासकीय अस्पतालों में दवाइयों, उपचार एवं आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही पेयजल स्रोतों की नियमित साफ-सफाई एवं जल की गुणवत्ता की जांच कर नागरिकों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जाए।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि वर्षाकाल में जनसहभागिता के साथ जिले में वृहद स्तर पर पौधारोपण किया जाए। सभी विभाग अपने निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप पौधारोपण कर उसकी जानकारी वन विभाग को उपलब्ध कराएं। उन्होंने अधिकाधिक स्थानों पर मियावाकी पद्धति से पौधारोपण करने पर जोर देते हुए कहा कि इससे कम क्षेत्र में सघन एवं तेजी से विकसित होने वाले हरित क्षेत्र तैयार किए जा सकते हैं। रोपित पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखरेख पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को लंबित शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण कर जिले की ग्रेडिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से 50 एवं 100 दिवस से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करने तथा किसी भी विभाग की शिकायत नॉन-अटेंडेड नहीं रहने के निर्देश दिए। साथ ही जिन अधिकारियों की नवीन पदस्थापना हुई है, उन्हें सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर अपनी प्रोफाइल तत्काल अद्यतन करने एवं शिकायतों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने शासकीय एवं सार्वजनिक भवनों के शौचालयों की नियमित साफ-सफाई वॉश ऑन व्हील सेवा के माध्यम से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने डॉग बाइट की घटनाओं की रोकथाम के लिए आवारा श्वानों के नियंत्रण हेतु विशेष अभियान संचालित करने तथा एनजीओ के सहयोग से डॉग सेंटर स्थापित करने की संभावनाएं तलाशने के निर्देश भी दिए।

खाद एवं बीज वितरण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने किसानों की मांग के अनुरूप पर्याप्त मात्रा में गुणवत्तापूर्ण उर्वरक एवं बीज निर्धारित दरों पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग को विद्यालयों में नामांकन, अपार आईडी एवं अन्य लंबित प्रकरणों के निराकरण हेतु विशेष शिविर आयोजित करने तथा श्रम विभाग को विभागीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक श्रमिकों का पंजीयन एवं बीमा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में राजस्व विभाग को नामांतरण एवं बंटवारा प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को प्रत्येक टीएल बैठक में विभागीय योजनाओं एवं उपलब्धियों की प्रगति रिपोर्ट पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में पांडुलिपियों के डिजिटलीकरण सहित अन्य विभागीय कार्यों की भी समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें