November 2, 2026 9:35 pm

थाना शहर, धारूहेड़ा व रोहडाई में आयोजित हुए शिकायत निवारण शिविर; पर्यवेक्षण अधिकारियों ने सुनीं आमजन की समस्याएं

पीएनपी न्यूज रेवाड़ी चीफ ब्यूरो दीपक तिवारी

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

 

पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस के दिशा-निर्देशानुसार आमजन को त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला पुलिस द्वारा थाना स्तर पर नियमित रूप से शिकायत निवारण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को थाना शहर रेवाड़ी, थाना धारूहेड़ा तथा थाना रोहड़ाई में शिकायत निवारण शिविर आयोजित किए गए।

थाना शहर रेवाड़ी में आयोजित शिविर की अध्यक्षता संजीव बल्हारा, थाना धारूहेड़ा में डीएसपी हेडक्वार्टर डॉ. रविन्द्र सिंह तथा थाना रोहड़ाई में डीएसपी कोसली विद्यानंद ने की। शिविरों में बड़ी संख्या में क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं वार्डों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी शिकायतें, लंबित मामलों तथा अन्य समस्याओं को संबंधित पर्यवेक्षण अधिकारियों के समक्ष रखा।

पर्यवेक्षण अधिकारियों ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता एवं संवेदनशीलता से सुनते हुए संबंधित थाना प्रभारियों एवं जांच अधिकारियों (आईओ) को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पात्र मामलों का मौके पर ही समाधान करवाया गया, जबकि जिन प्रकरणों में विस्तृत जांच आवश्यक थी, उनमें निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं को उनके मामलों की वर्तमान स्थिति से भी अवगत कराया तथा जांच अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि किसी भी शिकायत के निस्तारण में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

शिविर के दौरान भूमि विवाद, सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित मामले, पारिवारिक विवाद, लंबित आपराधिक मामलों, पुलिस जांच की प्रगति तथा अन्य जन शिकायतों की सुनवाई की गई। अधिकारियों ने उपस्थित नागरिकों से शिकायत निवारण शिविरों को और अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में सुझाव भी आमंत्रित किए तथा उनकी समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।इस अवसर पर पर्यवेक्षण अधिकारियों ने आज ‘अंतरराष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस’ के उपलक्ष्य पर और ‘नशा मुक्त रेवाड़ी पखवाड़ा’ के अंतर्गत राज्य सरकार एवं हरियाणा पुलिस के “नशा मुक्त हरियाणा” अभियान के तहत उपस्थित नागरिकों को “जिंदगी को हां, नशे को ना” का संदेश देते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

साथ ही लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, एटीएम कार्ड विवरण, यूपीआई पिन अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। यदि किसी प्रकार की वित्तीय साइबर ठगी का शिकार हों तो बिना विलंब राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा आपातकालीन सेवा 112 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज कराएं।

रेवाड़ी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के समाधान के लिए थाना स्तर पर आयोजित शिकायत निवारण शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने में सहयोग करें।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें