रिपोर्टर विजेन्द्र कुमार मौर्या राबर्ट्सगंज सोनभद्र PNP news।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सोनभद्र। झोलाछापों पर प्रशासन की कार्रवाई तेज हो गई है। मंगलवार के बाद बुधवार को भी टीम ने अभियान चलाया। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देशन में जनपद में संचालित निजी चिकित्सालयों, नर्सिंग होम एवं क्लीनिकों के विरुद्ध चलाए गए विशेष निरीक्षण अभियान के तहत विभिन्न चिकित्सकीय प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. गुलाब शंकर, उपजिलाधिकारी राबर्ट्सगंज एवं क्षेत्राधिकारी राबर्ट्सगंज की संयुक्त टीम ने जांच में क्रीघा हास्पिटल पन्नूगंज रोड में चिकित्सक अनुपस्थित मिलने पर ओपीडी, वार्ड एवं आपरेशन थिएटर को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। वहीं जीवनदीप हास्पिटल, कम्हारी में भर्ती मरीजों के अभिलेखों में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने तथा एनेस्थीसिया विशेषज्ञ के नोट्स उपलब्ध न होने पर अस्पताल की ओटी सील कर दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि सहारा हास्पिटल बभनौली में मरीजों के चिकित्सकीय अभिलेख अपूर्ण पाए जाने पर आयुष्मान भारत योजना से डी-पैनल किए जाने की संस्तुति शासन को भेजी जा रही है। इसके अतिरिक्त दुर्गा पाली क्लिनिक में लगातार दूसरी बार चिकित्सक अनुपस्थित मिलने पर क्लिनिक को सील कर दिया गया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही, मानकों की अनदेखी अथवा नियमों के उल्लंघन पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। हालांकि पंचशील हास्पिटल छपका एवं बनारस पाली क्लिनिक उरमौरा में निरीक्षण से पहले ही व्यवस्थाएं कुछ हदतक दुरुस्त कर ली गई थी।











