रेवाड़ी 24 जून चीफ ब्यूरो दीपक तिवारी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा के दिशा-निर्देशानुसार जिला पुलिस आमजन की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी कड़ी में, आम जनता और पुलिस के बीच समन्वय बढ़ाने तथा लंबित शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए थाना स्तर पर विशेष शिकायत निवारण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। वीरवार को दोपहर 1.00 बजे थाना सदर रेवाड़ी से संबंधित फरियादियों की समस्याओं के समाधान के लिए थाना परिसर में एक विशेष शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर की अध्यक्षता डीएसपी पवन कुमार करेंगे।शिविर के संबंध में जानकारी देते हुए डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि इस विशेष शिविर का मुख्य उद्देश्य फरियादियों की समस्याओं को सीधे सुनना और कानून के दायरे में रहते हुए उनका तत्परता से निवारण करना है। उन्होंने कहा कि कई बार विभिन्न कारणों से शिकायतों के निपटारे में समय लग जाता है। इस शिविर के माध्यम से दोनों पक्षों को सुनकर पारदर्शी, निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। हमारा प्रयास है कि किसी भी पीड़ित को अपनी शिकायत के समाधान के लिए बार-बार चक्कर न काटने पड़ें। शिविर को सुचारू रूप से चलाने और शिकायतों पर तुरंत एक्शन लेने के लिए थाना सदर रेवाड़ी प्रबंधक निरीक्षक राजेन्द्र सिंह सहित सभी संबंधित जांच अधिकारी (आईओ) मौके पर रिकॉर्ड सहित उपस्थित रहेंगे। मौके पर ही शिकायतों की समीक्षा की जाएगी और जहां संभव हो, तुरंत फैसला लिया जाएगा।
रेवाड़ी पुलिस आमजन से अपील करती है कि थाना सदर रेवाड़ी के क्षेत्र के जिन भी नागरिकों की शिकायतें लंबित हैं या वे अपनी बात उच्च अधिकारियों के समक्ष रखना चाहते हैं, वे वीरवार को समय दोपहर 1.00 बजे थाना सदर रेवाड़ी में आयोजित होने वाले शिविर में पहुंचे।











