रिपोर्ट अब्दुल शफीक खान पीएनपी न्यूज़
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
आगर-मालवा, । कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव ने मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में जिलेभर से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में ग्राम पिपलोनकलां निवासी श्रीमती श्यामा बाई ने परिवारजनों द्वारा परेशान किए जाने एवं अपनी कृषि भूमि बंटाई पर नहीं देने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। प्रार्थी महिला ने बताया कि वह विधवा है तथा उसकी दो पुत्रियां एवं एक छोटा पुत्र है। महिला ने बताया कि उसकी भूमि ग्राम पिपलोन कला में स्थित है, जिस पर वह स्वयं खेती नहीं कर पाती और बटाई पर देती है। भूमि बंटाई पर देने पर ससूर के भाई द्वारा झगड़ा कर परेशान किया जा रहा है। कलेक्टर ने तहसीलदार आगर को मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई एवं निराकरण के निर्देश दिए।
हाटपुरा, आगर निवासी अशोक कुमार ने राहवीर योजना के अंतर्गत प्रोत्साहन राशि प्राप्त नहीं होने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदक ने बताया कि उन्होंने दो सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को समय पर अस्पताल पहुंचाया था, जिसके लिए उन्हें अस्पताल द्वारा गोल्डन ऑवर में भर्ती का प्रमाण-पत्र भी जारी किया गया था। योजना अंतर्गत मिलने वाली प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाए। कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
आगर निवासी जीवनलाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत मकान निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न कर रही अवैध गुमटी को हटवाने हेतु आवेदन दिया। आवेदक ने बताया कि वह मार्केट मोहल्ला छावनी, आगर का निवासी है तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान का निर्माण करवा रहा है। स्वीकृत निर्माण क्षेत्र के सामने अवैध रूप से गुमटी रखे जाने के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है। इस पर कलेक्टर ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी आगर को प्रकरण का निराकरण करने के निर्देश दिए।
ग्राम पिपलिया गुुन्नार निवासी लक्ष्मीनारायण ने बीपीएल राशन कार्ड बनवाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदक ने आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण उसने बीपीएल राशन कार्ड बनाए जाने की मांग की। इस पर कलेक्टर ने नायब तहसीलदार कानड़ को पात्रता अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार जनसुनवाई में विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन आवेदकों द्वारा प्रस्तुत किये गए। जिसमें कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
जनसुनवाई में सीईओ जिला पंचायत श्री बीएस सोलंकी, अपर कलेक्टर श्री आरपी वर्मा, एसडीएम आगर श्री मिलिन्द ढ़ोके, एसडीएम सुसनेर श्रीमती किरण बरबड़े, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रेमनारायण परमार, कमल मंडलोई आदि उपस्थित रहे।











